UP weather Alert: उत्तर प्रदेश में आज मुख्य रूप से तेज धूप और गर्मी का प्रकोप बना रहेगा, लेकिन मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान, गरज-चमक और तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया है. दिन के दौरान भीषण गर्मी के बीच शाम या दोपहर के बाद मौसम में अचानक बदलाव आने की संभावना है. आज घर से निकलने से पहले जानिए आपके शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है?
यूपी का मौसम
सोमवार के लिए प्रदेश के13 जिलों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और गरज चमक की चेतावनी जारी की गई है. रविवार को 42.4 डिग्री सेल्सियस के साथ बांदा प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा. अगले पांच दिनों में प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री की बढ़त आएगी. इसके साथ ही तपिश भरे दिनों की फिर से वापसी होगी.
बारिश और आंधी का अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज आकाशीय बिजली चमकने, तेज आंधी चलने और गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होने की आशंका है. दोपहर बाद या शाम के समय राज्य के कुछ हिस्सों में करीब 25% तक बारिश या बौछारें पड़ने की उम्मीद है.
लखनऊ-नोएडा का मौसम
जहां नोएडा और लखनऊ में उमस भरी तेज गर्मी और शाम को आंधी की संभावना है, वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भारी आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 39°C और न्यूनतम तापमान 28°C रहने का अनुमान है. राजधानी में दिनभर आसमान साफ और तेज धूप रहेगी, बारिश की संभावना नहीं है. नोएडा का मौसम में आज अधिकतम तापमान 39°C से 42°C और न्यूनतम तापमान 27°C से 32°C तक जा सकता है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से दोपहर बाद या शाम को धूल भरी आंधी चलने तक हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है
पूर्वी यूपी का मौसम
मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों (जैसे वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर) के लिए तीव्र आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. आंधी के दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा (जो बढ़कर 70 किमी/घंटा तक जा सकती है) रहने की आशंका है.
तापमान और गर्मी की स्थिति
राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन का अधिकतम तापमान 38°C से 40°C के बीच रहने का अनुमान है. रात के समय न्यूनतम तापमान 28°C से 30°C के आसपास दर्ज किया जा सकता है, जिससे रातें भी गर्म रहेंगी. दोपहर 11 बजे से 3 बजे के बीच सीधे धूप में निकलने से बचें
