गौतमबुद्धनगर में 20 स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया. स्कूलों को मिलने वाले ई-मेल में एक विदेशी ई-मेल भी बताया गया है. जिसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर नगर ने इस मामले में तुरंत ही कार्रवाई की है.
गौतमबुद्धनगर में 20 स्कूलों को धमकी
गौतमबुद्धनगर में लगभग 20 स्कूलों को ई-मेल के जरिए धमकी मिली है. जिसके बाद हड़कंप मच गया है. इस मामले की सूचना मिलते ही कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तुरंत ही कार्रवाई करते हुए सभी स्कूलों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है. पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र की देखरेख में इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है.
स्कूलों में पुलिस की टीमें तैनात
यह पूरा मामला 23 जनवरी 2026 का है. जानकारी के मुताबिक गौतमबुद्धनगर के लगभग 20 स्कूलों को ई-मेल के जरिए धमकी मिली थी. इन धमकियों के बाद में 26 जनवरी को लेकर अलर्ट पर मौजूद रहने वाली पुलिस की टीमें तुरंत ही इन संबंधित स्कूलों में भेज दी गई हैं. इस मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ में बॉम्ब स्क्वाड, फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वाड, एएस चेक टीम और बीडीडीएस टीमों को स्कूलों के आसपास के इलाकों में तैनात कर दिया गया है.
सामान्य रूप से चल रही पढ़ाई
इन धमकियों के मिलने के बाद में स्कूलों के आसपास के इलाकों में टीमों को तैनात करके सभी जगहों पर जांच और सर्च ऑपरेशनों को चलाया जा रहा है. टीमों द्वारा की जा रही जांचो में स्कूल या फिर परिसर में किसी भी तरह की कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक चीज नहीं मिली है. पुलिस ने बताया कि सभी जगहों पर स्थिति सामान्य है. जिसके बाद प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सभी क्लासेस सामान्य रूप से जारी है.
साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR
इस मामले के बाद में पुलिस की टीमें लगातार नजर बनाए हुए हैं. जिससे बच्चों और स्टाफ की सुरक्षा में किसी भी तरह की कोई कमी न आ पाए. धमकी वाले ई-मेल की तकनीकी जांच करने के लिए और उसके सोर्स का पता लगाने के लिए साइबर टीम को लगाया गया है. इस मामले में पुलिस ने साइबर पुलिस स्टेशन में धारा 353/351(3)/351(4) बीएनएस व 66 आईटी एक्ट में एक FIR भी दर्ज की गई है.
पुलिस ने की लोगों से अपील
पुलिस का कहना है कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियानों को चलाया जा रहा है. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों के ऊपर ध्यान न दें. पुलिस ने आम जनता से कहा है कि अगर किसी भी तरह की कोई संदिग्ध गतिविधि या फिर जानकारी दिखे तो तुरंत ही स्थानीय पुलिस को सूचना दे दें.
यह भी पढ़ें- घाटी में थमी लोगों की जिंदगी! कश्मीर में हो रही भारी बर्फबारी, बिजली गुल, फ्लाइट्स रद्द और…
