Ghaziabad: गाजियाबाद पुलिस और जांच एजेंसियों ने इस मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले नौशाद अली उर्फ लालू की गाजियाबाद से गिरफ्तार के बाद जासूसी गैंग की परतें लगातार खुल रही हैं. गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली का समीर उर्फ शूटर, शामली का समीर पठान और गाजियाबाद का शिवराज शामिल हैं. इन तीनों गिरफ्तारियों के बाद अब तक कुल 21 गिरफ्तारी हो चुकी है. गाजियाबाद पुलिस जल्द ही ताजा गिरफ्तारियों पर बयान जारी करेगी.
पंक्चर की आड़ में पाक के लिए जासूसी
अभी हाल ही में गाजियाबाद पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले गैंग के सदस्य नौशाद अली उर्फ लालू को गिरफ्तार किया था. फरीदाबाद से गिरफ्तार हुआ लालू नचौली गांव में पेट्रोल पंप पर एक साल से पंक्चर बनाने की दुकान चला रहा था. नौशाद बिहार के मुजफ्फरपुर थाना काटी क्षेत्र के हरचंदा गांव का रहने वाला है.
मथुरा की रिक्शा चलाने वाली निकली जासूस
नौशाद के अलावा मथुरा के औरंगाबाद थाना सदर क्षेत्र से मीरा प्रजापति को गिरफ्तार किया गया था. मीरा प्रजापति दिखावे के लिए मथुरा में ई-रिक्शा चला रही थी. मीरा की गिरफ्तारी के बाद उसकी बस्ती वाले हैरान है कि हंसमुख और सीधी-साधी दिखने वाली मीरा कोई जासूस भी हो सकती है. मीरा के अलावा एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया था
तीनों आरोपियों के मुताबिक सुहेल ने ही उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा था. तीनों की गिरफ्तारी पर डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि ये रेलवे स्टेशन और सुरक्षों बलों की वीडियो और फोटो के जरिये जरूरी जानकारी पाकिस्तानी आकाओं को भेजते थे. एक फोटो के 4 से 6 हजार रुपये तक मिलते थे.
जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में कुछ समय पहले CCTV कैमरों के जरिए संवेदनशील स्थानों की निगरानी और फुटेज विदेश भेजे जाने का मामला सामने आया था. जांच में खुलासा हुआ कि कुछ लोग इलाके के महत्वपूर्ण स्थानों के वीडियो और फोटो इकट्ठा करके पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को भेज रहे थे. फिर इसके बाद केंद्रीय एजेंसियों और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की. जांच के दौरान कई राज्यों से आरोपियों की गिरफ्तारी हुई. जिनकी गिरफ्तारी हुई उनके तार पाकिस्तान से जुड़े थे.
