उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के मुरादनगर में एक बुजुर्ग ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. जिसके बाद आरोपी खुद ही थाने पहुंच गया और पुलिस को मामले की जानकारी दी.

पत्नी की हत्या कर थाने पहुंचा बुजुर्ग
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली कला गांव में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी. जिसके बाद आरोपी खुद ही खून से सनी हुई कुल्हाड़ी लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया. आरोपी ने पुलिस ने सामने अपना जुर्म कबूल किया और कहा कि “मैंने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काट दिया है.”
कुल्हाड़ी से किया गया हमला
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना शनिवार सुबह लगभग 4 बजे की है. 80 साल के बुजुर्ग हरपाल की बात सुनने के बाद रावली पुलिस चौकी में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस जब घर पर पहुंची, तो एक चारपाई पर 72 साल की उर्मिला नाम की महिला खून से लथपथ पड़ी हुई थी. महिला के सिर और कान के पास में कुल्हाड़ी से कई हमले किए गए थे.
दोनों के बीच अक्सर होता था विवाद
पुलिस ने महिला को तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. मृतका के नाती कुणाल ने बताया कि आरोपी नाना हरपाल की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं चल रही है और पति-पत्नी के बीच में अक्सर विवाद होता रहता था. मामले में आशंका जताई जा रही है कि विवाद और मानसिक अस्थिरता के कारण आरोपी ने इस तरह की वारदात को अंजाम दिया है.
आरोपी को हिरासत में लिया
मृतका की बेटी ने बताया कि वह एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गई हुई थी, उन्हें सुबह इस मामले की जानकारी फोन पर मिली. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- प्यार, धमकियां और मौत! बरेली में प्रेमिका से परेशान टीचर ने किया सुसाइड; 4 पन्नों का लिखा नोट
