गाजियाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के शांति नगर इलाके में 22 साल के युवक की चाकू से गोदकर जान ले ली गई है. यह हत्या युवक के दोस्तों ने ही की है. पुराने विवाद को लेकर दोस्त इस तरीके का कदम उठाएंगे किसी को भी उम्मीद नहीं थी.
युवक की पहचान 22 वर्षीय मोहित शर्मा के रूप में की गई है. मृतक के परिवार वालों के मुताबिक 15, 20 दिन पहले उसका और उसके दोस्तों का झगड़ा हुआ था. हालांकि, बाकी बचे दोस्तों ने दोनों का समझौता करवाने की कोशिश की थी. सभी को लगा कि विवाद खत्म हो चुका है, लेकिन आरोपी दोस्त मोहित के लिए अलग ही मौत का जाल बुन रहे थे.
सभी आरोपी दोस्तों ने समझौता होने के बाद मोहित से खाटू श्याम और हरिद्वार जाने को बोला. मोहित अपने दोस्तों की बातों में आकर उनके साथ घूमने चला गया. आरोपी दोस्तों ने मोहित को मारने की कोशिश इन दोनों जगहों पर भी की. हालांकि, वह वहां सफल नहीं हो पाए, जिसके बाद एक दूसरा प्लान तैयार किया गया है. 1 जुलाई के दिन मोहित को जन्मदिन की पार्टी में बुलाया गया. वहां पर उसे सभी ने खूब शराब पिलाई, जिसके बाद चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी.
मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद युवक को अस्पताल ले कर जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया. परिवार के दिए बयान के बाद शराब पिलाने वाले दो संदिग्ध दोस्तों को हिरासत में लिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. साथ ही पार्टी में मौजूद सभी दोस्तों का पता लगाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर खामनेई की अंतिम यात्रा 4 जुलाई से होगी शुरू, कई शहरों से गुजरेगा जनाजा
