गाजीपुर: यूपी के गाजीपुर के चर्चित होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मामले में आरोपी रविशंकर उर्फ रविशेखर पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश शंकर पांडेय का पिता है. पुलिस का दावा है कि रविशंकर हत्याकांड की साजिश में शामिल था. इससे पहले इस मामले में एक आरोपी कमलेश बिंद पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है, जबकि दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं मुख्य आरोपी शंकर पांडेय अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
कारोबारी विनीत की हत्या
दरअसल, 29 मई को गाजीपुर शहर में उस समय सनसनी फैल गई थी जब होटल कारोबारी विनीत राय की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस हत्याकांड के बाद पुलिस ने कई टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस को लगातार महत्वपूर्ण सुराग मिलते रहे. इसी क्रम में पुलिस ने सदर कोतवाली क्षेत्र के फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से रविशंकर उर्फ रविशेखर पांडेय को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल था और हत्याकांड के मुख्य आरोपी शंकर पांडेय का पिता है. पुलिस अब उससे पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है.
एक मुठभेड़ में मारा गया, दो हुए गिरफ्तार
विनीत राय हत्याकांड में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि एक आरोपी कमलेश बिंद पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है. इसके बावजूद इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी शंकर पांडेय अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है. शंकर पांडेय पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है.
पुलिस का क्या कहना?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा. राकेश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने कहा कि पहले ही दो गिरफ्तारी हो चुकी है. आज एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है. ये घटना में मौजूद नहीं था पर घटना में संलिप्पता पाई गई है.
ये भी पढ़ें: शामली में मुकीम काला गैंग का कुख्यात बदमाश पुलिस एनकाउंटर में ढेर; एक दरोगा घायल
