ग्रेटर नोएडा के एक होटल की खिड़की से बाहर देखने के कारण एक युवक की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया. मृतक की पहचान गौरव के रूप में की गई है.
ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां एक होटल की गैलरी में खड़ा एक 25 साल का युवक अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया. करंट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई. पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. हादसे के बाद होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के मुताबिक मृतक युवक पेशे से सिंगर था और अपनी एक महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा हुआ था. घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
खिड़की से बाहर देखते हुए लगा करंट
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान गौरव के रूप में की गई है. मृतक गौतमबुद्ध नगर का रहने वाला था और सिंगर के तौर पर काम करता था. बताया जा रहा है कि हादसे के समय गौरव होटल की गैलरी में खड़ा होकर खिड़की से बाहर की तरफ देख रहा था. इसी दौरान होटल के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया. लाइन के संपर्क में आते ही गौरव को करंट लगा और वह नीचे गिर पड़ा.
कुछ ही समय में हो गई मौत
बताया जा रहा है कि हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने के कुछ सेकंड बाद ही गौरव की मौत हो गई. अचानक हुए इस हादसे से होटल में मौजूद लोगों और स्टाफ में हड़कंप मच गया. हादसे की जानकारी मिलते ही होटल का स्टाफ मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद बादलपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
CCTV में कैद हो गई घटना
आपको बता दें कि इस हादसे की पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस CCTV फुटेज की मदद से हादसे की परिस्थितियों को समझने की कोशिश कर रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गौरव किस तरह हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आया.
