मुरादाबाद में बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया. इस हादसे में किसान और उसके चार बच्चे मलबे के नीचे दब गए. जिन्हें निकालने के लिए टीम को कड़ी मशक्क़त करनी पड़ी. हालांकि किसान की पत्नी उसके बाद भी मलबे में फंसी रही.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच भोजपुर थाना क्षेत्र के अक्का भिकनपुर गांव में एक बड़ा हादसा हुआ है. यहां एक किसान का कच्चा मकान अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया है. यह हादसा इतनी तेजी से हुआ कि घर के अंदर मौजूद परिजनों को बाहर निकलने तक का मौका भी नहीं मिला और पूरा परिवार देखते ही देखते मलबे के ढेर में दब गया है.
गांव वालों मे हटाया मलबा
बताया जा रहा है कि इमारत गिरते ही हुए भयानक धमाके जैसी आवाज से पूरा इलाका सहम गया. चारों तरफ धूल का गुबार फैल गया और मलबे के नीचे से बचाओ-बचाओ की चीखें सुनाई देने लगी हैं. आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंचे हैं. ग्रामीणों ने अपने हाथों से ईंट-मिट्टी हटाना शुरू कर दिया है, लेकिन मलबे की विशाल मात्रा के कारण उन्हें भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था.
मलबे के नीचे से निकला परिवार
घटना की जानकारी मिलते ही भोजपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया. राहत टीम ने मलबे को हटाया और मशक्कत के बाद किसान और उसके 4 बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया. बताया जा रहा है कि किसान और बच्चों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया.
महिला को निकालने के लिए मेहनत
हालांकि किसान की पत्नी मलबे के भारी हिस्से के नीचे फंसी रही. जिसे निकालने के लिए काफी समय तक मेहनत की गई. कड़ी मशक्क़त के बाद उसे भी बाहर निकल लिया गया हैं. घटना में महिला के भी चोट आयी हैं. जिसके कारण उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
