Gujarat truck accident: गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे चल रहे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी. इस हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में दर्दनाक घटना हुई है. यहां सड़क किनारे चल रहे लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में मौके पर ही 7 लोगों की मौत हो गई, वहीं कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायल लोगों को इलाज के लिए तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है. लखतर पुलिस इंस्पेक्टर योगेश पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में कई लोग आए हैं.
मंदिर जा रहे थे लोग
इंस्पेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना लखतर-विरामगाम हाईवे पर रात लगभग 1.30 बजे के आसपास हुई है. जानकारी के मुताबिक तीर्थयात्रियों का एक ग्रुप राजकोट से बहुचराजी में मौजूद मंदिर में पूजा करने के लिए एक जुलूस के रूप में पैदल जा रहा था. सुरेंद्रनगर जिले के लखतर तालुका में भास्करपारा गांव के बाहरी इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने इन श्रद्धालुओं को कुचल दिया.
7 लोगों की मौत में 4 महिलाएं शामिल
अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में 6 श्रद्धालुओं और एक डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई. डंपर चालक सड़क किनारे खड़ा हुआ था. मृत लोगों में 4 महिलाएं भी शामिल हैं. हालांकि अभी तक घायलों की संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है. सभी तीर्थयात्री पैदल मंदिर की ओर जा रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया. तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी.
इधर-उधर बिखर गए शव
पुलिस ने जानकारी दी है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. टक्कर इतनी तेज थी कि लोगों के शव इधर-उधर बिखर गए. पुलिस को जैसे ही घटना की सूचना मिली, तो लखतर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. इस हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें 4 महिलाएं भी शामिल हैं.
यह भी पढे़ं- दिनदहाड़े काट दिया युवती का गला! मंडी में कॉलेज जाती लड़की की बेरहमी से हत्या; जांच में जुटी पुलिस
