College Student Killed Himachal: हिमाचल प्रदेश के मंडी में दिन दहाड़े एक 19 साल की युवती का गला काटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. पुलिस इस मामले में लगातार जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

मंडी में युवती की गला काटकर हत्या
हिमाचल प्रदेश से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में दिन दहाड़े एक 19 साल की छात्रा की हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना सरकाघाट थाना क्षेत्र के गोपालपुर इलाके की है. जानकारी के मुताबिक सुबह लगभग 9.15 बजे एक छात्रा कॉलेज जा रही थी, इसी दौरान उसके ऊपर अज्ञात हमलावरों ने बीच सड़क पर हमला कर दिया.
मौके पर पहुंची पुलिस
जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने छात्रा के ऊपर हमला करते हुए बेरहमी से उसका गला काट दिया और मौके से तुरंत ही फरार हो गए. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. घटना देख स्थानीय लोगों ने तुरंत ही पुलिस को मामले की सूचना दी. सूचना मिलते ही सरकाघाट पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मामले में जांच को शुरू कर दिया है.
सामने नहीं आई घटना की वजह
शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हत्याकांड में आशंका जताई जा रही है कि 2 बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने इस घटना को अंजाम दिया है. हालांकि अभी तक इस घटना के पीछे की वजह सामने नहीं आ पाई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही मामले की वजह का पता लगाया जा सकता है. घटना को पुलिस प्रशासन काफी गंभीरता से ले रहा है.
आरोपियों की पहचान कर रही पुलिस
मामले में संज्ञान लेते हुए मंडी एसपी विनोद कुमार ने अधिकारियों को जल्द ही आरोपियों की पहचान करके उनकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं. पुलिस की कई टीमें लगातार आरोपियों की पहचान कर रही हैं. आसपास मौजूद सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है. इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- हरियाणा तक पहुंची नोएडा की चिंगारी! फरीदाबाद में सड़कों पर उतरे कर्मचारी; मांगों के साथ विरोध प्रदर्शन
