गुजरात से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. गुजरात के बनासकांठा जिले में एक भयानक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मृतक राजस्थान के रहने वाले थे.
गुजरात में भीषण सड़क हादसा
गुजरात के बनासकांठा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. जानकारी के मुताबिक एक ट्रक रॉन्ग साइड से आ रहा था, जिसने एक इनोवा कार में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के कारण कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई. इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई. साथ ही 3 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई.
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
बनासकांठा जिले में हुए हादसे के बाद पूरे इलाके और मृतकों के परिवार में शोक का माहौल बना हुआ है. इस हादसे की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली, तो तुरंत ही मौके पर पुलिस पहुंच गई. जिसके बाद इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है. इस हादसे में जान गंवाने वाले लोग राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
सिरोही और पाली जिले ने निवासी थे मृतक
बनासकांठा जिले के SP प्रशांत शुंबे ने बताया कि यह हादसा शनिवार को अमीरगढ़ के इकबालगढ़ के पास में हुआ है. उन्होंने बताया कि एक आईसर ट्रक रॉन्ग साइड से आ रहा था, जिससे इनोवा कार और ट्रक के बीच भारी टक्कर हो गई. इस हादसे में 7 लोगों की मौके पर मौत हो गई और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया. जानकारी के मुताबिक मृतक राजस्थान के पाली और सिरोही जिले के निवासी थे.
पूर्व मुख्यमंत्री ने जताया दुख
इस हादसे के बाद राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि गुजरात के बनासकांठा में हुए सड़क हादसे में राजस्थान के सिरोही और पाली जिलों के निवासी 7 लोगों की मौत की खबर काफी दुखद है. उन्होंने लिखा कि मेरी संवेदनाएं परिजनों के साथ हैं, भगवान उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति दे और आत्माओं को शांति दे. उन्होंने लिखा कि मैं घायल हुए लोगों के जल्दी ठीक होने की भगवान से प्रार्थना करता हूं.
