हरियाणा के गुरुग्राम में एक तेज रफ्तार थार ने 2 लड़कों और उनके दादा को कुचल दिया. इस हादसे में तीनों लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद थार ड्राइवर गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया.
गुरुग्राम में तेज रफ्तार का कहर
हरियाणा के गुरुग्राम में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है. गुरुग्राम के पटौदी के खोड गांव में एक तेज रफ्तार थार ने 3 लोगों को कुचल दिया. जिसके बाद तीनों मासूम लोगों की मौत हो गई. पूरे मामले में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि खोड गांव में तेज रफ्तार थार ने 2 लड़कों और उनके दादा को बुरी तरह से कुचल दिया, जिसके बाद तीनों की मौत हो गई.
3 लोगों की हुई मौत
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान 8 साल के जायेद खान, 10 साल के ईशान और 53 साल के उनके दादा सुभाष के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि जायेद और ईशान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिसके बाद उनके दादा सुभाष की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई. तीनों मृतक राजस्थान के भिवाड़ी के मिल्कपुर गांव के रहने वाले थे.
कई फीट दूर गिरे तीनों
पुलिस ने बताया कि सुभाष अपने 2 नातियों के साथ में अपने भाइयों से मिलने के लिए खोड गांव के पास लोकरा रोड पर आए हुए थे. जिसके बाद वे शुक्रवार रात लगभग 11 बजे दोनों लड़कों के साथ घर वापस लौट रहे थे, इसी दौरान एक महिंद्रा थार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों लोग कई फीट दूर जाकर गिरे थे.
गाड़ी छोड़कर फरार हुआ ड्राइवर
घटना के बाद थार का ड्राइवर गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और थार को जब्त कर लिया. पुलिस अधिकारी का कहना है कि गाड़ी के नंबर से ड्राइवर की पहचान कर ली गई है और उसे जल्दी ही गिरफ्तार किया जाएगा. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय थार की स्पीड काफी तेज थी, जिससे तीनों लोगों की मौत हो गई.
यह भी पढ़ें- होर्मुज स्ट्रेट को पार कर भारत की ओर बढ़ रहे 2 और जहाज; अलर्ट मोड पर भारतीय नौसेना
