गुरुग्राम में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी महिला मित्र की हत्या कर दी, जिसके बाद उसने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में जांच शुरू कर दी है.

युवक ने की युवती की हत्या
हरियाणा के गुरुग्राम में रविवार को एक सनसनीखेज घटना हुई है. रविवार को गुरुग्राम में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी महिला दोस्त की हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक युवक ने महिला मित्र की चाकू मारकर हत्या की और उसके बाद रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर खुद भी आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
परिजनों ने दी पुलिस को जानकारी
जानकारी के मुताबिक इस पूरी घटना का खुलासा तब हुआ, जब युवती ने अपने परिवार के लगातार आने वाले फोन कॉल का जवाब नहीं दिया. मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश की रहने वाली इशाका के रूप में की गई है. इशाका का फोन न उठने पर परिवार को चिंता हुई और उन्होंने गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाना पुलिस को इस बात की जानकारी दी. सूचना मिलने पर पुलिस सेक्टर-55 में मौजूद युवती के किराए के फ्लैट पर पहुंच गई.
कमरे में मिला युवती का शव
पुलिस ने जब दरवाजा खोला तो युवती का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था. मामले की शुरुआती जांच में सामने आया कि उसके ऊपर चाकू से कई बार हमला किया गया था. घटना के बाद फॉरेंसिट टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्यों को जुटाया गया. जांच के दौरान सामने आया कि युवती के संपर्क में रहने वाला एक 25 साल का युवक उसके कमरे पर आया था.
रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव
पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी. इसी बाच सूचना आई कि गुरुग्राम के रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिला है. पुलिस ने जब शव की पहचान की, तो वह शव मृतका के दोस्त का ही निकला. मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के भिलाई के रहने वाले श्रेष्ठ मलिक के रूप में की गई है. पुलिस के मुताबिक व्यक्ति ने युवती की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली. फिलहाल पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस जांच कर रही है, जिससे घटना के कारणों का पता लगाया जा सके.
यह भी पढ़ें- SIR फॉर्म भरने गई विधवा महिला से सामूहिक दुष्कर्म! पुलिस ने दर्ज की FIR; मामले में जांच शुरू
