Assam New Cabinet Ministers List: असम में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बनने जा रही है, जिसमें हिमंता बिस्वा सरमा 12 मई को प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. नई कैबिनेट में रामेश्वर तेली और अतुल बोरा जैसे दिग्गजों को जगह दी गई है, जिससे राज्य में विकास और प्रशासनिक सुधारों के एक नए युग की शुरुआत होने की उम्मीद है.

Assam New Cabinet Ministers List: हिमंता बिस्वा सरमा एक बार फिर असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. राज्य में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार बनने जा रही है. बीजेपी विधायक दल और एनडीए गठबंधन ने हिमंता बिस्वा सरमा को अपना नेता चुना है. 12 मई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल होंगे. इस कार्यक्रम को लेकर पूरे असम में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. बीजेपी और उसके सहयोगी दल इसे बड़ी जीत के रूप में देख रहे हैं.
शपथ ग्रहण से पहले हिमंता बिस्वा सरमा ने उन नेताओं के नामों का ऐलान किया है, जो उनके साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे. इनमें बीजेपी नेता रामेश्वर तेली का नाम शामिल है. रामेश्वर तेली डुलियाजन सीट से विधायक चुने गए हैं. उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार ध्रुब गोगोई को बड़े अंतर से हराया है. इससे पहले वह डिब्रूगढ़ से सांसद भी रह चुके हैं. मोदी सरकार में उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली थी.
नई सरकार में अतुल बोरा को भी मंत्री बनाया जाएगा. वह असम गण परिषद यानी AGP के अध्यक्ष हैं. हालिया चुनाव में उन्होंने बोकाखाट सीट से शानदार जीत दर्ज की. इसके अलावा बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के नेता चरण बोरो को भी मंत्री पद मिलेगा. उन्होंने मजबाट सीट से जीत हासिल की है. वहीं अजंता नियोग भी नई सरकार का हिस्सा होंगी. वह असम की पहली महिला वित्त मंत्री रह चुकी हैं और गोलाघाट सीट से लगातार कई बार विधायक चुनी गई हैं.
असम विधानसभा के स्पीकर पद के लिए भी बीजेपी ने बड़ा फैसला लिया है. रनजीत को एनडीए की तरफ से उम्मीदवार बनाया गया है. वह भवानीपुर-सोरभोग सीट से विधायक हैं. पिछली सरकार में उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास समेत कई विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी. माना जा रहा है कि नई सरकार में प्रशासनिक कामकाज को और तेज करने पर जोर रहेगा.
126 सदस्यीय असम विधानसभा में इस बार एनडीए गठबंधन को बड़ी जीत मिली है. बीजेपी ने अकेले 82 सीटों पर जीत दर्ज की है. वहीं उसके सहयोगी दल AGP और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट को 10-10 सीटें मिली हैं. लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के बाद बीजेपी नेताओं में उत्साह का माहौल है. पार्टी का कहना है कि नई सरकार विकास, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर ज्यादा फोकस करेगी.
