Jaunpur Accident:उत्तर प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. जौनपुर जिले में सोमवार सुबह एक बार फिर तेज रफ्तार ने कहर बरपा दिया. जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर में तड़के जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर सतहरिया के आगे पुलिया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. टक्कर के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया. आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी. घटना में मृत लोगों के परिवार में कोहराम मच गया है.
हादसे में तीन की मौत
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने छह घायलों में से तीन को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान प्रमोद कुमार मिश्र , शिव शंकर शर्मा , और बरसाती (42) के रूप में हुई है. वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें से दो की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है.
मृतकों के घर में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया, जबकि घायलों के परिजन अस्पताल में मौजूद हैं. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. यह दर्दनाक हादसा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.
