Lucknow News: यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह इटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों के नशे के तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. यहां बैंकॉक से आए दो पैसेंजरों के पास से लगभग 18 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद किया है. हाइड्रोपोनिक वीड की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कुल कीमत लगभग 17 करोड़ 96 लाख रुपए है.एआईयू और सीसीएसआई ने 2 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है.
अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को बैंकॉक से लखनऊ पहुंची एयर एशिया की फ्लाइट संख्या FD-146 के दो यात्रियों को ग्रीन चैनल पर रोका गया था. रात 11:05 बजे पहुंची इस उड़ान के यात्रियों की तलाशी ली गई. दोनों तस्कर बैंकॉक से लखनऊ पहुंचे थे, जहां पर डीआरआई की टीम ने उन्हें अरेस्ट किया. दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पाउच में भरे थे ड्रग्स
दरअसल, तस्करों के सामान की जांच की गई तो उनके पास से गुलाबी और पारदर्शी वैक्यूम-पैक्ड 12 पाउच मिले. इन पाउच में हरे रंग का फूल जैसा पदार्थ भरा था, जिसके गांजा/मारिजुआना (हाइड्रोपोनिक वीड) होने का संदेह है.
प्रतिबंधित सामग्री जब्त
तस्करों के पास से बरामद प्रतिबंधित सामग्री को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 43 के तहत जब्त कर लिया गया है. आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मो. फराज और झारखंड की रहने वाली महिला नीतू के रूप में की गई है. इन दोनों तस्करों के इंटरनेशनल नेटवर्क से संभावित कड़ियों की पड़ताल की जा रही है.आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
