Iran Warning on Strait of Hormuz: मिडिल-ईस्ट तनाव के बीच ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका और इजरायल को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि होर्मुज मार्ग का प्रबंधन अब पहले जैसा नहीं रहेगा.

Iran Warning on Strait of Hormuz: मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसी बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक बड़ा बयान देकर हलचल बढ़ा दी है. उन्होंने साफ कहा है कि अगर दोबारा युद्ध के हालात बनते हैं, तो ईरान कड़ा जवाब देने से पीछे नहीं हटेगा. अराघची ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर अब पुरानी व्यवस्थाएं लागू नहीं रहेंगी. आने वाले समय में इस समुद्री मार्ग के नियम और इसके प्रबंधन में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे.
40 दिनों के युद्ध ने बदल दिए हालात
ईरानी विदेश मंत्री ने अपने बयान में कहा कि 40 दिनों तक चले भीषण संघर्ष के बाद पूरे क्षेत्र के हालात बदल चुके हैं. रणनीति और क्षेत्रीय समीकरण अब पहले जैसे नहीं रहे हैं. उन्होंने याद दिलाया कि होर्मुज का यह समुद्री मार्ग दशकों से सभी जहाजों के लिए खुला रहा है. ईरान और ओमान ने हमेशा इस रास्ते पर सुरक्षा और पर्यावरण का ध्यान रखा है. व्यापारिक जहाजों की आवाजाही में कभी कोई रुकावट पैदा नहीं की गई. लेकिन हालिया युद्ध ने इन पुराने नियमों और व्यवस्थाओं को पूरी तरह बदल दिया है.
होर्मुज के प्रबंधन में होंगे बड़े बदलाव
अराघची ने इस बात को स्वीकार किया कि अब क्षेत्र में नई परिस्थितियां हावी हो चुकी हैं. होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए जहाजों की आवाजाही का तरीका अब पहले जैसा नहीं रहेगा. उन्होंने कहा कि इस रास्ते के संचालन और प्रबंधन को लेकर नए कदम उठाए जाएंगे. इस विषय पर ईरान और ओमान के बीच लगातार बातचीत चल रही है. दोनों देश मिलकर आने वाले समय के लिए नई रणनीति बना रहे हैं. यह चर्चा आगे भी जारी रहेगी ताकि नए नियमों को सुचारू रूप से लागू किया जा सके.
‘तीसरे हमले का अंजाम भी अलग नहीं होगा’
ईरानी विदेश मंत्री ने साफ किया कि युद्ध छिड़े या न छिड़े, ईरान अपनी राष्ट्रीय नीतियों से पीछे नहीं हटेगा. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई समझदार होगा, तो वह ईरानी लोगों पर दोबारा सैन्य हमला करने की भूल नहीं करेगा. अमेरिका और इजरायल ने पहले भी दो बार ऐसी कोशिश की है और उनका नतीजा देख चुके हैं. अगर वे एक बार फिर से हमला करना चाहते हैं, तो यह उनकी मर्जी है. लेकिन इस बार भी उन्हें पिछली कोशिशों से कोई अलग नतीजा हासिल नहीं होगा.
ट्रंप की धमकी के बाद आया ईरान का बयान
ईरान का यह सख्त रुख अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने एक और सैन्य कार्रवाई का संकेत दिया था. ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ईरान के खिलाफ ‘एपिक फ्यूरी’ नाम से एक छोटा अभियान चला सकता है. हालांकि, उन्होंने यह संकेत भी दिया था कि 3 नवंबर के अमेरिकी मिड-टर्म इलेक्शन से पहले कोई हमला नहीं किया जाएगा. उनका दावा था कि यह संघर्ष जल्द ही खत्म हो सकता है.
क्षेत्रीय कूटनीति पर ईरान का जोर
अराघची ने अपने संबोधन में कूटनीतिक प्रयासों और क्षेत्रीय संवाद की अहमियत को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि होर्मुज क्षेत्र में बढ़ते तनाव के लिए मुख्य रूप से अमेरिकी नीतियां जिम्मेदार हैं. इसके बावजूद ईरान अपने पड़ोसियों के साथ मिलकर शांति और स्थिरता बनाए रखने के प्रयास जारी रखेगा. उनका मानना है कि क्षेत्र के देशों को मिलकर नए सुरक्षा तंत्र पर काम करना होगा, जिससे आने वाले समय में किसी भी बड़े संकट से बचा जा सके.
