बालाघाट जिले में संतुलन बिगड़ने के कारण एक महिला कुएँ में गिर गई. पत्नी को गिरता देख पति ने भी कुएँ में छल लगा दी. हालांकि इस हादसे में दोनों की मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से हैरान कर देने वाले घटना सामने आई है. यहाँ बैहर थाना क्षेत्र के ग्राम सीताडोंगरी में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. जानकारी के मुताबिक़ कुएं से पानी निकालते समय 48 वर्षीय महिला अचानक कुएं में गिर गई. पत्नी को डूबता देख 52 वर्षीय पति ने उसे बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन दुर्भाग्यवश दोनों की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई,
पत्नी को डूबता देख कूदा व्यक्ति
बताया जा रहा है कि मृतकों की पहचान सीताडोंगरी निवासी शांति बाई उइके (48) और उनके पति अंजोर सिंह उइके (52) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रविवार को शांति बाई कुएं से पानी निकाल रही थीं. इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में जा गिरीं. पत्नी को कुएं में गिरता देख अंजोर सिंह उन्हें बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद गए. हालांकि, वह अपनी पत्नी को बचाने में सफल नहीं हो सके और दोनों की पानी में डूबने से जान चली गई.
शव को निकाला बाहर
इस घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलने पर बैहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. काफी प्रयासों के बाद दोनों के शव कुएं से बाहर निकाले गए.
मृतकों के हैं पाँच बेटे
आपको बता दे शांति बाई और अंजोर सिंह के पांच बेटे हैं. एक ही दिन में माता-पिता दोनों को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है. ग्रामीण इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दे रहे हैं.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
बैहर थाना प्रभारी दीपिका सिंगौर ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम सीताडोंगरी में कुएं में डूबने से पति-पत्नी की मौत हुई है. पुलिस ने दोनों के शव कुएं से बरामद कर लिए हैं. देर शाम होने के कारण शवों का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा. पोस्टमार्टम और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे.
