झारखंड के धनबाद में बीजेपी एससी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की मां और बहन ने उसकी दोनों पत्नियों के ऊपर मारपीट और हत्या का आरोप लगाया है.

बीजेपी पूर्व जिलाध्यक्ष की मौत
झारखंड के धनबाद से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में बीजेपी के एससी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले में पुलिस की टीम ने जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक गोविंदपुर में हुई घटना की सूना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई.
दूसरी पत्नी के साथ गया था बाजार
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस घटना को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि घटना से एक दिन पहले पूर्व जिलाध्यक्ष अपनी दूसरी पत्नी के साथ में बाजार गए थे. जिसके कारण घर में विवाद हुआ और वह बढ़ गया. घर में हुए विवाद के बाद यह घटना सामने आई है. इलाके में लोग कई तरह की चर्चाएं कर रहे हैं.
शिकायत नहीं कराई गई दर्ज
पुलिस के मुताबिक मृत व्यक्ति की पहचान बीजेपी एससी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत दास के रूप में की गई है. मामले में जानकारी देते हुए गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु राउत ने बताया कि अमृत दास का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है. हालांकि शरीर पर किसी भी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं. मौत के बाद अभी तक किसी की भी तरफ से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
पत्नियों पर हत्या का आरोप
घटना के बाद अमृत दास की मां ने आरोप लगाया है कि मृतक की शादी 2 सगी बहनों से हुई थी और दोनों पत्नियों ने उनके संबंध ठीक चल रहे थे. मृतक की मां और बहन ने दोनों पत्नियों के ऊपर मारपीट और हत्या करने का आरोप लगाया है. मृतक की मां का कहना है कि घरेलू विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है. फिलहाल पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
