लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) परिसर के अंदर मजार के पास हुए अवैध कब्जे को लेकर आज एक बड़ी कार्रवाई होने जा रही है. प्रशासन ने इस संवेदनशील मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए अतिक्रमण हटाने का पूरा प्लान तैयार कर लिया है. केजीएमयू के नेत्र रोग विभाग के पीछे स्थित मजार के चारों तरफ दोबारा बैरिकेडिंग लगाकर अवैध कब्जा कर लिया गया है. होली की छुट्टी के दौरान अज्ञात लोगों ने यहां अवैध बैरिकेडिंग कर दी. इस अवैध कब्जा किए जाने को लेकर kgmu प्रशासन द्वारा आज 12 बजे से सफाई अभियान चलाया जाएगा
होली की छुट्टियों में अवैध तरीके से बैरिकेडिंग
केजीएमयू के गेट नंबर-एक के पास नेत्र विभाग है और विभाग के पीछे यह मजार स्थित है. इसके चारों तरफ पहले से अवैध कब्जा था और दर्जनों की संख्या में अवैध दुकानें संचालित हो रही थीं. कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस प्रशासन ने मजार को छोड़कर बाकी स्थान से अतिक्रमण हटा दिया था. बताया जा रहा है कि पांच मार्च को कुछ लोगों ने मजार के चारों ओर फिर से बांस और बल्लियां लगाकर अवैध तरीके से बैरिकेडिंग कर दी. मामला संज्ञान में आते ही केजीएमयू प्रशासन ने कब्जे को खाली कराया और चौक थाने में तहरीर देकर FIR दर्ज कराई.
प्रशासन ने कराई मौके की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी
मामले की जानकारी मिलते ही केजीएमयू प्रशासन ने मौके की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई, लेकिन इस दौरान वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला. इसके बाद कार्यवाहक प्रॉक्टर डॉ. रीमा कुमारी ने चौक थाने के प्रभारी को पत्र भेजकर पूरी स्थिति से अवगत कराया और अवैध बैरिकेडिंग हटाने की मांग की है.
नोटिस किया गया था जारी
बता दें कि अभी हाल ही में किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय ने कैंपस में मौजूद मजारों को अवैध बताते हुए नोटिस जारी किया गया था, जिसमें मजारों को देखरेख करने वालों से मजार के कागजात मांगे गए थे. केजीएमयू प्रवक्ता के मुताबिक कैंपस में मौजूद मजारें अव्यवस्था पैदा कर रही थी. इस लिए सुरक्षा के दृष्टिगत भी इन मजारों को नोटिस दिया गया था.विश्वविद्यालय कैंपस में कुल आठ मजारें हैं, जिनमें दो मजारें पुरानी हैं, जिनको नोटिस नहीं दिया गया था, जबकि 6 मजारों को अवैध बताते हुए नोटिस जारी किया गया.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में ‘ब्लैकआउट’ का डर! सिर्फ 10 दिन का बचा है पेट्रोल; क्या थमने वाले हैं पड़ोसी देश के पहिए
