राजस्थान के कोटा में नशे में धुत सिपाही ने एक फास्ट फूड की दुकान पर जमकर हंगामा काटा है. जिसके बाद पुलिस ने सिपाही को हिरासत में ले लिया. मेडिकल और एल्कोहल टेस्ट होने के बाद सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है.

कोटा में सिपाही ने मचाया उत्पात
राजस्थान के कोटा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने शराब के नशे में जमकर हंगामा कर दिया. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना नयापुरा थाना क्षेत्र की है. यहां पुलिस लाइन के बाहर मौजूद फास्ट फूड सेंटर पर कॉन्स्टेबल अजीत ने काफी उत्पात मचाया. अब इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ऑर्डर में देरी होने पर बवाल
बताया जा रहा है कि शराब के नशे में कॉन्स्टेबल अजीत रात के समय में फास्ट फूड की दुकान पर पहुंचा था और वहां पर उसने पिज्जा का ऑर्डर दिया था. सिपाही का पिज्जा बनने में कुछ ज्यादा समय लग गया, जिसके चलते वह भड़क गया और गाली-गलौज शुरू कर दी. कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और सिपाही ने दुकान के अंदर तोड़फोड़ शुरू कर दी. वहां मौजूद लोग लगातार उसे शांत कराने की कोशिश करते रहे.
दुकानदार के साथ की मारपीट
दुकानदार रामू अग्रवाल ने बताया कि सिपाही पूरी तरह से नशे में था और जब उसका वीडियो बनाया तो वह भड़क गया. जिसके बाद सिपाही ने दुकानदार को थप्पड़ मार दिया. इस दौरान बचाव करने पहुंचे दुकानदार के भांजे के साथ भी उसने मारपीट करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए. दुकानदार का आरोप है कि सिपाही ने उसके गले से सोने की चेन भी तोड़ ली. जिसके बाद वह सड़क पर आने वाले वाहन चालकों के साथ बदसलूकी करने लगा.
पुलिस ने गिरफ्तार किया सिपाही
इस घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद नयापुरा पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने सिपाही अजीत को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने सिपाही को हिरासत में लेकर मेडिकल और एल्कोहल टेस्ट करवाया है. जिसमें नशे की पुष्टि हुई है. जिसके बाद सिपाही को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है.
