kumar sanu fan suicide attempt: जबलपुर के एक युवक को लगा कि अगर उसने कुमार सानू के अलावा किसी दूसरे सिंगर के गाने सुने तो उसके फैंस उसे मार देंगे. यही डर उसके दिमाग पर इतना हावी हो गया कि उसने तीन बार अपनी जान लेने की कोशिश की है.

kumar sanu fan suicide attempt: फिल्म और गायक के फैंस के अजीब किस्से अक्सर सुनने को मिलते हैं. लेकिन जबलपुर का यह मामला कुछ अलग और हैरान करने वाला है. 32 साल के युवक को लगा कि अगर उसने कुमार सानू के अलावा किसी दूसरे सिंगर के गाने सुने तो उसके फैंस उसे मार देंगे. यही डर उसके दिमाग पर इतना हावी हो गया कि उसने तीन बार अपनी जान लेने की कोशिश की है.
युवक बिहार के छपरा का रहने वाला है और नागपुर में काम करता है. 10-11 जनवरी की घटना के दिन वह ट्रेन से घर जा रहा था. रास्ते में अचानक उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई. उसने ट्रेन से कूदने की कोशिश की, लेकिन वह बच गया. इसके बाद जबलपुर रेलवे स्टेशन के पब्लिक टॉयलेट में उसने ब्लेड से खुद को चोट पहुंचाई. पुलिस ने समय रहते उसे बचाकर अस्पताल पहुंचाया. इलाज के दौरान उसने अस्पताल की दूसरी मंजिल से कूदने की कोशिश भी की थी. शुक्र है कि उसकी जान बच गई और अब वह खतरे से बाहर है.
पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि वह लंबे समय से कुमार सानू का फैन है. हाल ही में उसने सोशल मीडिया पर दूसरे सिंगर के गाने सुनने शुरू कर दिए थे. तभी उसके दिमाग में भ्रम ने जगह बना ली. उसे लगा कि सानू के फैंस उसे धोखा मानकर मार देंगे. इस डर के चलते वह कई स्टेशनों पर ट्रेन से उतरकर भागने की कोशिश करता रहा. फिलहाल मनोचिकित्सक और डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है.
भोपाल के सीनियर साइकियाट्रिस्ट डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी का कहना है कि यह साइकोसिस का क्लासिक मामला है. साइकोसिस में व्यक्ति के दिमाग में झूठे और अटूट विश्वास घर कर जाते हैं. व्यक्ति में डोपामाइन लेवल बढ़ने से यह विश्वास इतना मजबूत हो जाता है कि कोई सबूत भी उसे बदल नहीं सकता है. डर सामान्य भावना है, लेकिन जब यह डेल्यूजन में बदल जाए तो व्यक्ति खुद को नुकसान पहुंचा सकता है. बिना इलाज के सुसाइड करने का खतरा 4-5 गुना बढ़ जाता है.
युवक की खबर जब कुमार सानू तक पहुंची, तो उन्होंने डॉक्टर को फोन किया और फैन की स्थिति पूछी, सानू ने कहा कि वह हमेशा फैंस की चिंता करते हैं और इस घटना से उन्हें बहुत दुःख हुआ है. उन्होंने डॉक्टर से पूछा कि कैसे वे व्यक्तिगत रूप से मदद कर सकते हैं. गायक ने अपना नंबर भी दिया और कहा कि जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता करेंगे. एक्सपर्ट्स का कहना है कि फैनडम में लगाव सामान्य है, लेकिन जब यह भ्रम में बदल जाए तो सावधान रहना चाहिए. परिवार को ऐसे संकेतों पर ध्यान देना चाहिए. असामान्य डर, अलगाव, बार-बार एक ही बात दोहराना जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
यह भी पढ़ें- UCC कानून का उत्तराखंड में बड़ा असर, 6 महीनों में 3 लाख से ज्यादा शादियों के रजिस्ट्रेशन, आंकड़ों में हुई 24 गुना बढ़ोतरी
