Makar Sankranti Special Gajak:मकर संक्रांति के दिन तिल और गुड़ से बनी मिठाइयां बनाने की परंपरा चली आ रही है. इस साल यह त्योहार 14 जनवरी को मनाया जाएगा. हम आपको घर पर ही गजक बनाने के बारे में बताने जा रहे हैं जिसकी हेल्प से आप इस त्योहार को और भी खास बना सकते हैं.
हिंदी पंचाग के अनुसार इस साल मकर संक्रांति का त्योहार 14 जनवरी को मनाया जा रहा है.भारत में इसे अलग-अलग नामों से भी जाना जाता है. इस पर्व को गुजरात में उत्तरायण, पूर्वी उत्तर प्रदेश में खिचड़ी और दक्षिण भारत में पोंगल के रूप में मनाया जाता है. इस दिन गुड़ की गजक खाने की परंपरा है. यहां पर हम आपको आज घर आसान विधि से बाजार जैसी गजक बनाने की विधि बताने जा रहे हैं. पहले जानते हैं इसके लिए क्या सामग्री चाहिए.
क्या चाहिए सामग्री?
इसके लिए सफेद तिल चाहिए एक 1 कप और गुड भी एक कप. घी चाहिए 1 बड़ा चम्मच . आप इसमें इलायची पाउडर 1/2 चम्मच के आसपास डाल सकते हैं.
जानते हैं गजक बनाने की विधि
गजक बनाने के लिए सबसे पहले कढ़ाई गर्म करें. फिर उसमें तिल डालें और धीमी आंच पर तिल को हल्का सुनहरा और खुशबूदार होने तक भून लें. तिल को ठंडा होने के लिए अलग रख दें. इसके बाद कढ़ाई में 1 बड़ा चम्मच घी डालें. कटा हुआ गुड़ और 1/4 कप पानी डालें. इसको धीमी आंच पर पकाएं. जब तक पकाना है तब तक गुड़ पूरी तरह पिघलकर गाढ़ी चाशनी न बन जाए. चाशनी बनी या नहीं इसको चेक करने के लिए आप एक कटोरी में ठंडा पानी लें.इस पानी में चाशनी की कुछ बूंदें डालें. यदि यह सख्त होकर टूटने लगे, तो समझ लीजिए चाशनी तैयार है.
आपने जो तिल भूने हैं वो इस तैयार चाशनी में डालें और मिक्स करें. इलायची पाउडर मिलाकर अच्छी तरह से मिक्स करें. जब सब अच्छे से मिक्स हो जाए तो एक चिकनी सतह पर थोड़ा घी लगाएं. तिल और गुड़ के मिश्रण को गर्म-गर्म ही इस सतह पर फैलाएं. बेलन की मदद से इसे चपटा और समान मोटाई में बेल लें. जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए तो इसे चाकू से मनचाहा आकार दें. आखिर में गजक को पूरी तरह ठंडा होने दें, ताकि यह सख्त हो जाए. लीजिए तैयार है मकर संक्रांति पर परिवार और दोस्तों के लिए मजेदार गजक.
