उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार 3 लोगों को टक्कर मार दी. इस हादसे में दंपति की मौके पर मौत हो गई. साथ ही एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है.

लखीमपुर में तेज रफ्तार का कहर
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. खीरी जिले में तेज रफ्तार के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. इस सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर रख दिया है. खीरी के मितौली थाना क्षेत्र के भीखमपुर चौराहे पर देर रात में तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने बाइक सवार लोगों को टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे के दौरान बाइक पर 3 लोग सवार थे.
दंपति की मौके पर मौत
इस घटना के दौरान बाइक चला रहे जितेंद्र वर्मा और उनकी पत्नी सरिता वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उनके साथ बैठी भाभी माया देवी गंभीर रूप से घायल हुई हैं. ये तीनों लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान भीखमपुर चौराहे पर तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. जिससे बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई.
घायल को लखनऊ किया रेफर
इस हादसे में तीसरी महिला गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मितौली क्षेत्राधिकारी के मुताबिक मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. इस घटना में पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है.
जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक थार चालक की पहचान सार्थक गुप्ता के रूप में की गई है. युवक नकहा ब्लॉक प्रमुख और बीजेपी नेता पवन गुप्ता का भतीजा है. बताया जा रहा है कि वह शाहजहांपुर में एक शादी में शामिल होकर वापस लौट रहा था, इसी दौरान भीखमपुर चौराहे पर यह हादसा हो गया. जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है और दावा कर रही है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- पंजाब से दिल्ली तक हलचल! AAP सांसदों को बीजेपी में शामिल होने की मंजूरी; राज्यसभा चेयरमैन ने दी परमिशन
