मध्य प्रदेश से एक अनोखी घटना सामने आई है. राजगढ़ जिले में एक मानसिक रूप से कमजोर युवक के साथ में बुरा सलूक करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. जिसके बाद अब पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है.
मध्य प्रदेश में वायरल हुआ था वीडियो
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से वायरल हुए एक वीडियो में कुछ लोग एक युवक की दाढ़ी और सिर के बालों को काटकर उसके साथ में मारपीट करते हुए नजर आए थे. यह वीडियो वायरल होने के बाद में पूरे जिले में काफी गुस्सा और आक्रोश की स्थिति बन गई. इस मामले का खुलासा SDOP अरविंद सिंह राठौर ने किया है. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है.
पीड़ित की मां की शिकायत पर दर्ज की गई FIR
इस मामले का खुलासा करते हुए SDOP अरविंद सिंह राठौर ने बताया कि दिलावरा गांव की एक महिला सरजूबाई ने राजगढ़ थाना कोतवाली में शिकायत की गई थी कि उनके बेटे दुर्गेश तंवर के साथ मारपीट हुई है. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज की थी. दु्र्गेश की मां सरजूबाई ने बताया कि उनका बेटा मानसिक रूप से काफी कमजोर है और वह मजदूरी करके अपनी जिंदगी जीता है.
अपराधी समझकर युवक को पीटा
सरजूबाई ने बताया कि घटना के दिन दुर्गेश तंवर दिलावरा गांव में पहुंचा था. यहां पहुंचने के बाद कुछ लोगों ने उसे संदिग्ध और अपराधी समझ लिया. आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने दुर्गेश के साथ मारपीट की और उसके सिर के बाल और दाढ़ी को काटकर जबरदस्ती उसका मुंडन कर दिया. जिसके बाद में उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया और वह वीडियो वायरल हो गया.
पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस घटना की वीडियो वायरल होने के बाद में पीड़ित को मानसिक और सामाजिक रूप से काफी तकलीफ पहुंची. पुलिस ने इस मामले की जांच की तो सामने आया कि इस घटना में 12 लोग शामिल थे. जिसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुधवार को गोरधन, मोड़सिंह, मांगीलाल, पवन, बालू और भारत नाम के 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि ये सभी आरोपी दिलावरा गांव के रहने वाले हैं. SDOP ने बताया कि बाकी के 6 फरार आरोपियों की तलाश पुलिस लगातार कर रही है.
