ओडिशा से एक अजीबोगरीब और सार्वजनिक अपमान का मामला सामने आया है. ओडिशा के ढेंकनाल जिले में एक व्यक्ति के ऊपर धर्म परिवर्तन का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट की गई और सार्वजनिक अपमान की घटना सामने आई है.
युवक की धर्म परिवर्तन के आरोप में पिटाई
ओडिशा के ढेंकनाल जिले से एक अनोखी घटना सामने आई है. यहां धर्म परिवर्तन का आरोप लगाकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट और उसका सार्वजनिक अपमान किया गया. जिसके बाद इस मामले में पीड़ित की पत्नी ने पुलिस से शिकायत की है. पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को हिरासत में लिया है. यह पूरा मामला 4 जनवरी का है. जिसमें पीड़ित की पत्नी द्वारा शिकायत करने पर इस मामले में कार्रवाई की गई है.
15-20 लोगों ने किया घर पर हमला
ढेंकनाल के पुलिस अधीक्षक अभिनव सोनकर ने बताया कि इस मामले में पीड़ित की पत्नी ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद में इस मामले में कार्रवाई शुरू की गई. पुलिस से शिकायत करते समय महिला ने बताया कि उसके पति के ऊपर धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए 15 से 20 लोगों की भीड़ ने एक साथ उनके घर पर हमला कर दिया. पीड़ित की पत्नी ने बताया कि घर पर हमलों के बाद लोगों ने बांस के डंडों से उनके पति की बुरी तरह से पिटाई की दी.
बांस के डंडों से की युवक की पिटाई
पीड़ित की पत्नी का कहना है कि बांस के डंडों से बुरी तरह से पिटाई करने के बाद में सार्वजनिक रूप से उनका अपमान किया और पूरे गांव में घुमाया. पीड़ित के परिवार ने आरोप लगाया कि लोगों की भीड़ ने एक धर्मस्थल के आगे झुकने के लिए भी मजबूर किया. इस पूरी घटना के बाद में पीड़ित को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है. इस मामले में अभी तक कई गवाहों के बयानों को दर्ज किया जा चुका है. पुलिस ने इस घटना में कई धाराओं में केस को दर्ज किया है.
संदिग्धों से पूछताछ कर रही पुलिस
ढेंकनाल जिले के SP अभिनव सोनकर ने बताया है कि शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस इस मामले में और संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है. पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोप कि उसे नाले का पानी पिलाया गया है, उसे पुलिस की शुरुआती जांच में गलत पाया गया है. इस पूरे मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
