महाराष्ट्र के धुले में शादी के कार्ड में नाम छपाने को लेकर 2 पक्षों में विवाद हो गया. जिसके बाद 3 लोगों की धारदार हथियारों से हमला करके हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.
सगाई के दौरान हुई 3 लोगों की हत्या
महाराष्ट्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. महाराष्ट्र के धुले में एक सगाई समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं. यहां सगाई और हल्दी की तैयारियों के बीच में 2 ग्रुप की आपस में बहस हो गई. इसी बहस के दौरान 3 लोगों की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई. इसी के साथ 3 और लोगों को गंभीर चोटें आई हैं. बताया जा रहा है कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
शादी के कार्ड में नाम छपाने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना धुले के पिंपलनेर तालुका के नीलकंठ नर की है. इस मामले की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शादी के कार्ड में नाम छपाने के कारण 2 पक्षों में विवाद हो गया था. जिसके बाद देखते ही देखते यह विवाद हिंसा में बदल गया. विवाद के बाद कुछ लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे 3 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
इलाज के दौरान हुई तीनों की मौत
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि मृतकों के ऊपर धारदार हथियारों से हमला किया गया था, जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतकों की पहचान देवेंद्र ज्ञानेश्वर पवार, सुरेश मोजगीर गोसावी और साहिल सुरेश गोसावी के रूप में की गई है. वहीं इन्हीं लोगों के साथ हमले में 3 और लोग भी घायल हुए हैं. जिन्हें इलाज के लिए गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने एक संदिग्ध को किया गिरफ्तार
हमले में घायल हुए लोगों की पहचान पंकज अशोक गिर, सुरेश सुपदुगीर और सागर गोसावी के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक एक व्यक्ति की स्थिति ज्यादा गंभीर है, जिसके चलते उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में रेफर किया गया है. पुलिस ने इस पूरे मामले में जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है.
यह भी पढ़ें- पड़ोसियों को आई बदबू, तो खुला खौफनाक राज! बेबी गुड्डू के पिता और दिग्गज फिल्ममेकर M.M. बेग का दुखद अंत
