Kanpur News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोचिंग संस्थान से जुड़े हादसे के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शहर के प्रमुख कोचिंग हब काकादेव में बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है. सुरक्षा मानकों और भवन नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ चलाए गए अभियान में फिजिक्स वाला समेत 22 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया.
चलाया गया अभियान
केडीए की टीम ने सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर ऐसे संस्थानों की जांच की,जो मानकों का उल्लंघन करते पाए गए. जांच के दौरान कई संस्थानों में अग्नि सुरक्षा, भवन मानचित्र और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में खामियां मिलीं, जिसके बाद उन्हें खाली कराकर सील कर दिया गया है.
KDA ने 4 जोन में कार्रवाई
केडीए द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जोन-1 में तीन, जोन-2बी में पांच, जोन-3 में तीन और जोन-4 में पांच संस्थानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की गई. इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई करते हुए कुल 22 कोचिंग संस्थानों को प्रथम चरण में चिन्हित कर सील किया गया है. प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान अभी जारी रहेगा और शहर में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों की जांच की जाएगी जो संस्थान भवन निर्माण, अग्नि सुरक्षा और अन्य निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों में और संस्थानों का चिन्हीकरण कर सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे.केडीए की इस कार्रवाई के बाद यहां के लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठाते हुए कहना है कि शहर में लंबे समय से अनेक कोचिंग संस्थान बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों और निर्धारित मानकों के संचालित हो रहे हैं, लेकिन नियमित जांच नहीं होती. लोगों का आरोप है कि किसी बड़े हादसे के बाद ही विभाग सक्रिय होता है और फिर कुछ समय तक अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है.
ये भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर केस में नया मोड़, पिता भाई समेत कई लोगों पर FIR दर्ज
