गुरुग्राम से होली की छुट्टी मनाने आए जुड़वा भाई-बहनों के बीच विवाद हो गया. इस दौरान युवक ने चाकू से हमला करके अपनी बहन की हत्या कर दी. जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
युवक ने की जुड़वा बहन की हत्या
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. गुरुग्राम से होली मनाने के लिए मां के पास मुरादाबाद आए जुड़वा भाई-बहन के बीच में किसी बात को लेकर विवाद हो गया. इसी विवाद के दौरान युवक ने अपनी बहन पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में युवती की मौत हो गई. बहन को मारने के बाद आरोपी युवक के अपनी मां के ऊपर भी हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.
गुरुग्राम में साथ रहते थे दोनों
पूरी घटना मझोला थाना क्षेत्र की बुद्धि विहार कॉलोनी की है. यहां रहने वाली नीलिमा नाम की एक महिला के जुड़वा बच्चे हार्दिक और हिमा शिखा गुरुग्राम में एक आईटी कंपनी में नौकरी करते हैं. बताया जा रहा है कि दोनों साथ में रहते थे. होली मनाने के लिए दोनों घर पर आए हुए थे और शुक्रवार को वापस जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान यह घटना हो गई.
मां के ऊपर भी किया हमला
बताया जा रहा है कि नीलिमा अपने ऑफिस गई, और हार्दिक और हिमा शिखा घर पर अकेले थे. इसी दैरान हार्दिन ने चाकू से हमला करके अपनी बहन की हत्या कर दी. जिसके बाद हार्दिक मां के ऑफिस जाकर उन्हें घर लेकर आया. जब महिला घर पर आई तो बेटी को मरा देख वह हैरान रह गई. जिसके बाद आरोपी ने अपनी मां के ऊपर भी चाकू से हमला कर दिया.
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
महिला की चीखें सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. जिसके बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया. फिलहाल पुलिस की टीमें उसकी लगातार तलाश कर रही हैं.
