2018 बैच के आईपीएस अधिकारी केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा अब शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. राजस्थान के जोधपुर में 29 मार्च को दोनों अधिकारी सात फेरे लेने जा रहे हैं. दोनों अधिकारी अपने सख्त फैसलों और कानून व्यवस्था को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं.
जोधपुर में लेंगे सात फेरे
उत्तर प्रदेश में इन दिनों 2 आईपीएस अधिकारी काफी चर्चा में हैं. संभल के एसपी केके बिश्नोई और बरेली की एसपी साउथ अंशिका वर्मा, दोनों ही अपनी बेहतरीन कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था को लेकर चर्चाओं में रहते हैं. अब ये दोनों अधिकारी शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. अंशिका वर्मा और केके बिश्नोई की शादी की तारीख और सभी रस्में तय हो गई हैं. 29 मार्च को दोनों अधिकारी राजस्थान के जोधपुर में सात फेरे लेने जा रहे हैं.
2018 बैच के अधिकारी हैं दोनों
आपको बता दें कि कृष्ण कुमार बिश्नोई 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वे मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर के रहने वाले हैं. फिलहाल में वह संभल जिले में एसपी के पद पर तैनात हैं. वहीं अंशिका वर्मा भी 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में वे बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं. अंशिका वर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की निवासी हैं.
दोनों को मिल चुकी सरकार से तारीफ
दोनों अधिकारी अपनी बेहतरीन कार्यप्रणाली के कारण जाने जाते हैं. केके बिश्नोई ने 24 नंवबर 2024 में संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान भड़की हिंसा पर सिर्फ 2 घंटों के अंदर काबू पा लिया था. उन्होंने उस दौरान संभल को जलने से बचाया था और सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क समेत लगभग ढाई हजार लोगों के ऊपर मुकदमा दर्ज कराया था. वहीं अंशिका वर्मा ने साल 2025 में यूपी की पहली वीरांगना यूनिट का गठन किया था, जिसके लिए उन्हें सम्मानित किया जा चुका है. इसके अलावा उन्होंने बरेली के मदरसा में होने वाले लव जिहाद और धर्म परिवर्तन जैसे रैकेट का भंडाफोड़ करके सुर्खियां हासिल की थीं.
चुनौतीपूर्ण मामलों को सुलझाने में माहिर
संभल के एसपी केके बिश्नोई काफी तेज तर्रार कार्रवाई करते हैं. उन्होंने 100 करोड़ रुपए से ज्यादा बीमा घोटाले का पर्दाफाश करते हुए 69 से ज्यादा आरोपियों को जेल भेजा था. वहीं अंशिका वर्मा भी कम नहीं हैं. उन्होंने भी बरेली में देहात क्षेत्रों में कई चुनौतीपूर्ण मामलों को सुलझाकर अपराधियों के अंदर खौफ पैदा किया है. अब ये दोनों तेज तर्रार आईपीएस अधिकारी जोधपुर में अपनी जिंदगी को साथ शुरू करने जा रहे हैं. दोनों अधिकारी 29 मार्च को शादी करने जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें- रात के अंधेरे में अकेली महिला का अपहरण, विरोध करने पर की मारपीट, पुलिस ने किया गिरफ्तार
