Muradabad candle factory fire: जिले के घने व्यापारिक क्षेत्र बुध बाजार में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मोम की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग की ऊंची और विकराल लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे इलाके और आसपास के मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सतपाल अंतिल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. काफी हद तक आग पर काबू पाया गया है. आग पर पूरी तरह से काबू पाने में फायर ब्रिगेड की एक दर्जन से अधिक गाड़ियां लगी हुई हैं. आग के कारणों का अभी स्पष्ट नहीं लेकिन प्रथम दृश्य शॉट सर्किट से आग लगने की वजह सामने आ रही है.
करोड़ों का नुकसान
कुछ हिस्सों में अभी भी आग बाकी है. आग लगने के कारण करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल जिस हिस्से में अभी भी आग बाकी हैं वहां, फायर ब्रिगेड की टीमें अभी भी बुझाने में जुटी हैं. लोगों को आसपास जाने से रोक जा रहा है. आबादी वाले क्षेत्र में बने मोमबत्ती के बड़े गोदाम एवं शोरूम में लगी भीषण आग की चपेट में आस पास के इलाके भी आ गए हैं. जानकारी के अनुसार, बुध बाजार निवासी अभिषेक अग्रवाल की क्षेत्र में ही मोम बनाने की फैक्ट्री है. फैक्ट्री में आग इतनी तेजी से फैली कि उसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया.
आसपास के जिलों से बुलाई गईं दमकल की गाड़ियां
घटना की संवेदनशीलता और आग के फैलाव को देखते हुए पूरे जिले की दमकल गाड़ियों के अलावा पड़ोसी जिलों रामपुर और संभल से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को आपात स्थिति में मौके पर बुलाया गया. राहत और बचाव कार्य में जुटीं दमकल विभाग की टीमें घंटों कड़ी मशक्कत के बावजूद शाम चार बजे तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पा सकी थीं.
जिस इलाके में मोम की फैक्ट्री स्थित है, वहां का रास्ता बेहद तंग और संकरा है, जिससे दमकल की बड़ी गाड़ियों का सीधे मौके तक पहुंचना नामुमकिन हो गया. हालात को संभालते हुए फायर फाइटर्स ने बुद्धिमत्ता दिखाते हुए दमकल वाहनों को पारकर इंटर कॉलेज परिसर में खड़ा किया और वहां से लगभग 700 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर फैक्ट्री तक पानी पहुंचाया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और राहत कार्य जारी है.
ये भी पढ़ें: मुरादाबाद में कांवड़ यात्रा मार्गों पर ‘डिजिटल QR कोड’ लागू ,मार्ग और खाद्य शुद्धता की मिलेगी पूरी जानकारी
