बुलंदशहर: जनपद में तेज बारिश और तूफान के दौरान बही चारु कश्यप का शव आखिरकार 90 घंटे चले गहन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद काली नदी से बरामद कर लिया गया है। 4 दिनों से लगातार जारी तलाश के बाद शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.
बारिश और तूफान में बह गई थी चारु
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारु कश्यप तेज बारिश और तूफान के दौरान अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई थी और बहकर काली नदी में चली गई थी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस, गोताखोरों और आपदा राहत टीमों (SDRF/NDRF) द्वारा नदी में व्यापक खोज एवं बचाव अभियान (सर्च ऑपरेशन) शुरू किया गया था।
90 घंटे बाद खत्म हुआ सर्च ऑपरेशन
लगातार 90 घंटे तक काली नदी के कई किलोमीटर के दायरे में चली कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार चारु का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई
घटना स्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.
28 जुलाई को हुआ था ये हादसा
यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र की है. 28 जुलाई को बारिश के दौरान कक्षा 4 की 11 वर्षीय छात्रा चारु कश्यप स्कूल से घर लौट रही थी. इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई. इस बारिश से बचने के लिए वह खुले नाले की पटिया पर खड़ी हो गई, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया. देखते ही देखते मासूम नाले के तेज बहाव में बह गई. सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई. जिसके बाद तत्काल बचाव अभियान शुरू हुआ. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीमों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
