MP Farmers Protest: मूंग की 100% खरीदी की मांग को लेकर नर्मदापुरम और भोपाल में किसानों ने उग्र प्रदर्शन किया, जिसके बाद प्रशासन ने रास्ते बंद कर स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है.

MP Farmers Protest: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में मूंग की फसल की 100 फीसदी खरीदी को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों की पुलिस से तीखी झड़प हो गई। गुस्साए किसानों ने पुलिस के बैरिकेड्स तोड़ दिए और बसों में जमकर तोड़फोड़ की। कुछ किसान बसों की छतों पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस को स्थिति संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
भोपाल में तीसरे दिन भी भारी बवाल
नर्मदापुरम के साथ-साथ राजधानी भोपाल में भी किसानों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है। प्रदर्शन का आज तीसरा दिन है और किसान मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की जिद पर अड़े हैं। किसानों ने रास्ते में लगाई गई पुलिस की चार-चार लेयर वाली बैरिकेडिंग को उखाड़ फेंका और आगे बढ़ गए। विरोध जताने के लिए कई किसान कपड़े उतारकर अर्धनग्न हालत में नारेबाजी कर रहे हैं। लगातार पैदल चलने की वजह से कई किसानों के पैरों में छाले भी पड़ गए हैं।
स्कूल बंद और रास्ते डायवर्ट
किसानों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर आ गया है। सुरक्षा के लिहाज से कई अहम रास्तों पर बैरिकेड्स लगाकर आवाजाही रोक दी गई है। होशंगाबाद रोड समेत आसपास के इलाकों में लंबा जाम लग गया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिगड़ते हालातों और ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए कलेक्टर प्रियंका मिश्रा ने नर्मदापुरम रोड पर पड़ने वाले सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
सरकार ने बनाई मंत्रियों की कमेटी
मामले को बढ़ता देख मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को सुनने और बातचीत के लिए एक विशेष समिति बनाई गई है। मंत्रियों की यह टीम किसानों से मिलकर उनकी बात सुनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सकारात्मक सुझावों का स्वागत करती है, लेकिन प्रदर्शन ऐसा न हो जिससे आम नागरिकों को परेशानी हो। वहीं, भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और रूट डायवर्ट किए गए हैं।
विपक्ष ने सरकार को घेरा
किसानों के इस आंदोलन को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मोहन यादव सरकार पर करारा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों किसान अपनी जायज मांगों को लेकर सड़कों पर हैं, लेकिन सरकार के अहंकार के आगे उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। किसान ई-टोकन व्यवस्था को रद्द करने और मूंग की पूरी फसल खरीदने की मांग पर अड़े हुए हैं।
