महाराष्ट्र के नागपुर में एक युवक ने गर्लफ्रेंड पर खर्चा करने के लिए अपनी दादी के घर में चोरी कर दी. जिसके बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. चोरी की नकदी और गहनों को बरामद कर लिया गया है.

दादी के घर पर की चोरी
महाराष्ट्र के नागपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक प्रेम संबंधों में खर्च पूरा करने के लिए चोर बन गया. बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी ही दादी के घर में चोरी कर दी. युवक ने लगभग 2 लाख रुपए के गहनों के साथ घर से नकदी को चुरा लिया. इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया है. लोग इस घटना को लेकर चर्चाएं कर रहे हैं.
1 लाख 93 हजार का माल गायब
जानकारी के मुताबिक इंदिरानगर की रहने वाली सुमित्रा किशोर मस्ते के घर में चोरी हुई है. बताया जा रहा है कि 60 साल की सुमित्रा ने अपने घर की अलमारी में 93 हजार रुपए नकद और सोने की चेन के साथ अंगूठी और कानों के गहने रखे थे. सब सामान की कुल कीमत लगभग 1 लाख 93 हजार रुपए थी. बताया जा रहा है कि 30 मई से 2 जून के बीच में यह सामान घर से गायब हो गया.
पुलिस ने हिरासत में लिया आरोपी
बताया जा रहा है कि जब घर में काफी तलाशी के बाद सामान नहीं मिला तो उन्होंने गणेशपेठ थाने में शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी. इस दौरान पुलिस ने परिवार से सदस्यों और रिश्तेदारों से पूछताछ की. इस दौरान पता लगा कि शिकायतकर्ता का नाती घर पर आया था. जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया.
नकदी और गहने बरामद
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की बात कबूल ली. आरोपी की पहचान 22 साल के तुषार प्रदीप मस्ते के रूप में की गई है. आरोपी ने बताया कि उसने अपनी गर्लफ्रेंड के ऊपर खर्चा करने के लिए पैसे चुराए थे. उसे पैसों की जरूरत थी, जिसके चलते उसने दादी के घर पर चोरी कर ली. आरोपी ने चोरी के बाद गहने एक व्यापारी को बेच दिए. हालांकि पुलिस ने गहनों को भी बरामद कर लिया है और नकदी को जब्त कर लिया है.
यह भी पढ़ें- अयोध्या में STF की बड़ी सफलता! कुख्यात भानु प्रताप एनकाउंटर में ढेर; दर्ज थे 40 मुकदमे
