उत्तराखंड के नैनीताल जिले में एक महिंद्रा कार 100 फीट गहरी खाई में गिर गई. कार के अनियंत्रित होने के बाद यह हादसा हुआ है. इस घटना में कार सवार 5 लोगों की मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

नैनीताल में दर्दनाक हादसा
उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. नैनीताल के भवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर में एक कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी. जानकारी के मुताबिक सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी हुई एक महिंद्रा कार लगभग 100 फीट गहरी खाई में गिरी है. इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई.
पुरुष महिलाओं के साथ बच्चे की मौत
जानकारी के मुताबिक हादसे में मरने वाले लोगों में 2 पुरुष और 2 महिलाओं के साथ एक बच्चा शामिल है. बताया जा रहा है कि यह हादसा गुरुवार दोपहर लगभग 2.15 बजे हुआ है. कार के खाई में गिरने की सूचना जैसे ही स्थानीय लोगों को मिली, तो तुरंत ही पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई. हादसे का सवार हुई कार का नंबर UP 32 QU 1874 है.
मौके पर पहुंची राहत बचाव टीमें
इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और SDRF और SSB की टीमें तुरंत ही मौके पर पहुंच गईं. जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से संयुक्त राहत-बचाव ऑपरेशन को शुरू किया गया. खाई गहरी होने के कारण राहत-बचाव अभियान में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. रेस्क्यू टीमों ने काफी परेशानियों के बाद शवों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया.
अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
इस घटना के बाद इसकी गंभीरता को देखते हुए कई बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना का निरीक्षण किया है और राहत कार्यों की निगरानी की. पुलिस ने इस घटना के पीछे के कारणों की जांच को शुरू कर दिया है. फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान और उनकी जानकारी इकट्ठा करने में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें- सोनीपत में तेज रफ्तार का कहर! कॉलेज से लौट रही छात्रा को कैंटर ने कुचला; डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
