प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल पूरे होने पर बड़ी संख्या में नेता उन्हें बधाई दे रहे हैं. इस मौके पर उन्हें देश-विदेश से शुभकामनाएं मिल रही हैं. इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी पीएम मोदी को इस मौके पर बधाई दी है.

पीएम मोदी के पूरे हुए 12 साल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल पूरे हो गए हैं. पीएम मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. पीएम मोदी ने आजादी के बाद निर्वाचित सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड बना लिया है. इस मौके पर देश के तमाम नेता उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं.
पुष्कर सिंह धामी ने दी शुभकामनाएं
पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने पत्र लिखकर पीएम मोदी को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की है. सीएम धामी ने लिखा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास को एक नई और तेज गति मिली है. सीएम धामी ने पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर उन्हें पत्र लिखकर बधाई दी है.
राष्ट्रपति ने लिखा पत्र
इस दौरान देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर बधाई दी है. राष्ट्रपति ने देश में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने का जिक्र किया और लिखा कि यह उपलब्धि उस भरोसे को दिखाती है, जिसे भारत के लोगों ने चुनावों में लगातार आपके नेतृत्व के ऊपर जताया है.
किरेन रिजिजू ने की पीएम की तारीफ
देश के बड़े नेता पीएम मोदी को बधाई दे रहे हैं, इसी सिलसिले में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की जिंदगी खुद में एक मिसाल है, जिन्होंने अपने या अपने परिवार के लिए नहीं बल्कि जीवन को देश के नाम समर्पित किया है. इस दौरान उन्होंने कहा कि सबसे लंबे समय का कार्यकाल पूरा होना अपने आप में सौभाग्य की बात है.
गुजरात के मुख्यमंत्री ने दी बधाई
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी पीएम मोदी को शुभकामनाएं दी हैं. इस दौरान उन्होंने पत्र में लिखा कि प्रधानमंत्री का 12 सालों कार्यकाल दुनिया में भारत और भारतीयों का गौरव को ने वाला रहा है. उनके नेतृत्व में ‘सर्जिकल स्ट्राइक,’ ‘एयर स्ट्राइक,’ और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे फैसलों के जरिए भारत ने आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब दिया है.
नायब सिंह सैनी ने लिखा पत्र
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी पीएम मोदी को पत्र लिखकर बधाई दी है. उन्होंने लिखा कि ‘आपके कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर हरियाणा की पौने तीन करोड़ जनता की तरफ से आपको हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. उन्होंने आगे लिखा कि यह मौका आपके वंदन और अभिनंदन का है. आज आप भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित और जन-जन के लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं.
जॉर्जिया मेलोनी पीएम को दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि विदेशों से भी शुभकामनाएं मिल रही हैं. पीएम मोदी को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी बधाई दी है. उन्हें बधाई देते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई, जो आज भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं.
कई देशों के नेताओं ने दी बधाई
आपको बता दें कि पीएम मोदी को ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने भी बधाई दी है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भारत की अर्थव्यवस्था को वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. वहीं केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो और मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने भी भारत के प्रधानमंत्री के कार्यकाल और उनके नेतृत्व की सराहना की है.
नेहरू से मोदी की तुलना नहीं- शरद पवार
जहां नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल पूरे होने पर उन्हें बधाई दे रहे हैं और उनकी तुलना देश के पहले पीएम जवाहर लाल नेहरू से कर रहे हैं. वहीं एनसीपी (एसपी) के चीफ शरद पवार ने इसको लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और जवाहर लाल नेहरू की तुलना नहीं की जा सकती है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी सबसे लंबे समय तक रहने वाले नेता बन गए हैं और उन्होंने ऐसी छवि बनाई है कि उनके कद का कोई दूसरा नेता नहीं है, लेकिन देश के निर्माण और आजादी की लड़ाई में नेहरू के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है और उनका सम्मान किया जाना चाहिए.
यह भी पढे़ं- PM मोदी ने तोड़ा रिकॉर्ड! दिल्ली में होगी NDA की बड़ी बैठक; 35 दलों के 75 नेता होंगे शामिल
