प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्वाचित रूप से पीएम रहने के 12 साल पूरे कर लिए हैं. जिसको लेकर दिल्ली के भारत मंडपम में NDA की बैठक का आयोजन किया जा रहा है. इस बैठक में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री शामिल होने वाले हैं.

पीएम मोदी के पूरे हुए 12 साल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल पूरे हो गए हैं. पीएम मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. पीएम मोदी ने आजादी के बाद निर्वाचित सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड बना लिया है. आपको बता दें कि जवाहर लाल नेहरू चुनाव जीतने के बाद 4398 दिन प्रधानमंत्री के पद पर रहे थे, वहीं नरेंद्र मोदी का आज पीएम पद पर 4399वां दिन है.
बीजेपी मना रही जश्न
आपको बता दें कि पीएम मोदी के 12 साल का कार्यकाल पूरा होने पर जश्न का माहौल है. बीजेपी मोदी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को लोगों के सामने रख रही है और जश्न मना रही है. बताया जा रहा है कि इस मौके पर दिल्ली में बीजेपी और एनडीए के सभी सहयोगी दल के नेता भारत मंडपम में आयोजित होने वाली बैठक में शिरकत करने वाले हैं.
दिल्ली में शामिल होंगे कई नेता
पीएम मोदी के रिकॉर्ड बनाने के बाद भारत मंडपम में एनडीए की बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री शामिल होने वाले हैं. इस बैठक में पीएम मोदी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए एक प्रस्ताव को पास किया जाएगा. मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर दिल्ली के भारत मंडपम में एक जश्न रखा गया है, इसमें बीजेपी और उसके सहयोगी दलों के नेता शामिल होने वाले हैं.
35 दलों के 75 नेता होंगे शामिल
भारत मंडपम में आयोजित होने वाली बैठक में एनडीए के 22 शासित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्रियों के साथ गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के नेता भी शामिल होंगे. इस बैठक के दौरान एनडीए के 35 सहयोगी दलों के लगभग 75 नेता शिरकत करने वाले हैं. इन नेताओं में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष के साथ गठबंधन के बड़े नेता शामिल हैं.
कौन नेता होंगे बैठक में शामिल?
भारत मंडपम में आयोजित होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन करने वाले हैं. साथ ही बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान जैसे केंद्रीय मंत्री भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. आपको बता दें कि NDA में शामिल पार्टियों के केंद्रीय मंत्रियों में TDP से के राम मोहन नायडू, JDU से राजीव रंजन सिंह, JDS से एचडी कुमारस्वामी और अपना दल-सोनेलाल से अनुप्रिया पटेल बैठक में शामिल होने वाली हैं.
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
इस बैठक के दौरान आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक मुद्दों के साथ मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है. इस दौरान एनडीए के नेता ‘ईज ऑफ लिविंग’ और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा देने पर अपनी बातें भी रख सकते हैं. आपको बता दें कि बैठक के दौरान राष्ट्रीय विकास कार्यक्रमों, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन की समीक्षा पर भी ध्यान दिया जाएगा.
चंद्रबाबू नायडू रखेंगे प्रस्ताव
बताया जा रहा है कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए एक प्रस्ताव को भी पास किया जाएगा. इस दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू एक विशेष प्रस्ताव रखने वाले हैं, जिसको लेकर नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो समर्थन करने वाले हैं. NDA की तरफ से लाए जाने वाले प्रस्तावों में 12 साल तक निर्वाचित रूप से पीएम पद पर रहने के लिए नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं दी जाएंगी.
यह भी पढे़ं- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल: CM धामी ने लिखा खास पत्र; PM को दी शुभकामनाएं
