Bagpat News: दिल्ली-देहरादून हाईवे पर कट की मांग को लेकर चल रही किसान पंचायत में उस समय माहौल गरमा गया, जब भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत मंच पर पहुंचे. नरेश टिकैत ने प्रशासन और एनएचएआई अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि 18 तारीख के बाद किसान खुद हाईवे पर कट खोलने का काम करेंगे.
अधिकारी कान खोलकर सुन लें….
उन्होंने कहा कि अधिकारी कान खोलकर सुन लें, बाद में यह मत कहना कि फोर्स कम थी. जितनी ताकत लगानी है लगा लो, लेकिन किसानों को रोक नहीं पाओगे. नरेश टिकैत ने साफ शब्दों में कहा कि बागपत प्रशासन खूब फोर्स लगा ले, लेकिन किसान हर हाल में कट खोलकर रहेंगे. नरेश टिकैत ने एनएचएआई अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है.
अधिकारियों को हो गया दिमाग खराब
बागपत प्रशासन की मौजूदगी में उन्होंने एडीएम की ओर इशारा करते हुए कहा कि अधिकारियों का दिमाग खराब हो रहा है और वे खुद को योगी समझने लगे हैं. उन्होंने कहा कि यह तानाशाही नहीं चलेगी. आरोप लगाया कि एनएचएआई अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं और स्थानीय किसानों की परेशानियों को अनदेखा कर रहे हैं. किसान नेता ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांग पूरी नहीं हुई तो दिल्ली-देहरादून हाईवे पर जगह-जगह जाम लगाया जाएगा.
प्रशासनिक अमले में हलचल तेज
किसान पंचायत में दिए गए इस बयान के बाद प्रशासनिक अमले में भी हलचल तेज हो गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: Bihar Coaching Controversy: तेज प्रताप यादव आए समर्थन में… कहा फैजल खान की भूमिका की जांच हो
