Ashutosh Brahmachari Attack Case:आशुतोष ब्रह्मचारी ने एक बार फिर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने प्रयागराज की पॉक्सो कोर्ट में अर्जी दाखिल करके स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की गौ प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा पर रोक लगाने की बात कही है. इस नई अर्जी में आशुतोष ब्रह्मचारी ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विदेश भागने की आशंका जताते हुए उनकी निगरानी करने और पासपोर्ट जमा करने का निर्देश कोर्ट से दिए जाने की मांग की है.
अविमुक्तेश्वरानंद की धर्मयुद्ध यात्रा से पीड़ित बटुक डरे सहमे- आशुतोष ब्रह्मचारी
आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की धर्मयुद्ध यात्रा से पीड़ित बटुक डरे सहमे हैं, ऐसे में उनकी पहचान न उजागर की जाए और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की धर्मयुद्ध यात्रा पीड़ित बटुकों के जिले में जाने पर रोक लगाई जाए. आशुतोष ब्रह्मचारी के मुताबिक उनकी अर्जी पर निचली अदालत ने सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है. जल्द ही मामले में कोर्ट अपना फैसला सुनाएगी.
निचली अदालत में याचिका दाखिल
जांच से बचने का आरोप लगाते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विदेश भागने की आशंका जताते हुए शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी ने निचली अदालत में याचिका दाखिल करके उनके पासपोर्ट जब्त करने की मांग की है. देखना होगा कि निचली अदालत आशुतोष ब्रह्मचारी की अर्जी पर क्या कुछ आदेश पारित करती है.
हाइकोर्ट ने लगाई गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक
आपको बता दें कि 21 फरवरी को आशुतोष ब्रह्मचारी की शिकायत पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य मुकुंदानंद व अन्य के खिलाफ पॉक्सो स्पेशल कोर्ट ने बटुकों के यौन शोषण के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं, जिसकी विवेचना जारी है. हाईकोर्ट ने मामले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य मुकुंदानंद की गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगाई है. 7 मार्च से स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद गौरक्षा धर्मयुद्ध यात्रा निकाल रहे हैं जो कि 11 मार्च को लखनऊ पहुंचकर ख़त्म होगी.
ये भी पढ़ें: इलाहाबाद हाईकोर्ट में वजूखाने ज्ञानवापी पर सुनवाई, सर्वे होगा या नहीं हो जाएगा फैसला!
