Gyanvapi Mosque Hearing Allahabad HC: इलाहाबाद हाईकोर्ट में वाराणसी के विवादित ज्ञानवापी परिसर में स्थित वजू खाने का एएसआई से वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराए जाने की मांग से जुड़े मामले की दाखिल याचिका पर सुनवाई है. ये सुनवाई दोपहर 2 बजे से शुरू होगी. श्रृंगार गौरी केस की पक्षकार वादिनी राखी सिंह की तरफ से हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है.
वजू खाने का भी वैज्ञानिक सर्वेक्षण
वाराणसी कोर्ट ने ASI को ज्ञानवापी मस्जिद के वुजुखाना क्षेत्र का सर्वे करने की अनुमति देने से इंकार कर दिया था. मामले में हिंदू पक्ष का दावा है कि वज़ूस्थल में मौजूद संरचना शिवलिंग है जबकि मुस्लिम पक्ष इसे फव्वारा बताता है. इस मामले की सुनवाई जस्टिस रोहित रंजन अग्रवाल की सिंगल बेंच कर रही है. राखी सिंह ने अपनी याचिका में मांग की है कि परिसर के अन्य हिस्सों की तरह वजू खाने का भी वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराया जाए, ताकि विवादित संरचना की सच्चाई सभी के सामने आ सके.
हिंदू पक्ष को लगा था झटका
ज्ञानवापी मस्जिद मामले में हिंदू पक्ष को सिविल जज सीनियर डिविजन के फास्ट ट्रैक कोर्ट से निराशा मिली थी. कोर्ट ने हिंदू पक्ष की तरफ से प्रस्तुत किए गए प्रार्थना पत्र को खारिज कर दिया था. कोर्ट के इस फैसले के बाद हिंदू पक्ष के वकील और समर्थक निराश हो गए थे. कोर्ट ने कहा था कि ज्ञानवापी के पूरे परिसर का सर्वे नहीं कराया जाएगा. हिंदू पक्ष की याचिका में पूरे ज्ञानवापी परिसर की एएसआई सर्वे की मांग की गई थी. जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था. कोर्ट के इस आदेश के बाद यह मामला एक बार फिर से चर्चा का विषय बन गया था.
हिंदू पक्ष ने किया शिवलिंग होने का दावा
कोर्ट में हिंदू पक्ष ने ज्ञानवापी के मुख्य गुंबद के नीचे शिवलिंग होने का दावा किया. हिंदू पक्ष ने यहां खुदाई कराकर एएसआई सर्वे कराने की मांग की. हालांकि, मुस्लिम पक्ष ने हिंदू पक्ष की याचिका का विरोध किया. मुस्लिम पक्ष ने कहा कि खुदाई से मस्जिद स्थल को नुकसान पहुंच सकता है.
ये भी पढ़ें: कुलदीप यादव इस दिन बनेंगे दूल्हा….पहाड़ों की रानी मसूरी में सजेगा मंडप, वंशिका संग लेंगे सात फेरे
