Prateek Yadav-Aparna Yadav Love Story: अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन हो गया है. फिटनेस के दीवाने प्रतीक की शादी बीजेपी की तेजतर्रार नेता अपर्णा यादव से हुई थी. दोनों की लव स्टोरी काफी फिल्मी है. इनकी लव स्टोरी स्कूल टाइम से ही शुरू हुई थी, जो शादी के मंडप तक पहुंची. पढ़िए उनकी ये दिलचस्प लव स्टोरी…
2012 में की थी अपर्णा से शादी
फिटनेस फ्रीक प्रतीक यादव ने अपर्णा यादव से 2012 में शादी की थी. यह शादी उस वक्त की हाई-प्रोफाइल शादी तो थी ही, लव विद अरेंज्ड मैरिज का भी नायाब उदाहरण थी. दोनों ने 11 साल डेट करने के बाद शादी की थी. दोनों की लव स्टोरी काफी फिल्मी है. इनकी लव स्टोरी स्कूल टाइम से ही शुरू हुई थी, जो शादी के मंडप तक पहुंची.
अलग-अलग स्कूलों में पढ़ते थे दोनों
अपर्णा यादव और प्रतीक यादव लखनऊ में अलग-अलग स्कूलों में पढ़ते थे, लेकिन कॉमन दोस्तों और इंटर स्कूल फंक्शन्स की वजह से एक दूसरे से मिलते थे और एक दूसरे के साथ समय बिता पाते थे. धीरे-धीरे दोस्ती का ये सिलसिला काफी आगे बढ़ गया और प्यार में बदल गया, हालांकि एक घटना से पहले तक दोनों ही इस लव स्टोरी से अंजान थे. 2001 में अपर्णा यादव एक बार किसी फ्रेंड की जन्मदिन की पार्टी में गईं और वहां प्रतीक भी आए हुए थे. अपर्णा को पहले नहीं पता था कि प्रतीक मुलायम सिंह यादव के बेटे हैं. पार्टी खत्म होने के बाद प्रतीक अपर्णा बात कर रहे थे, तभी प्रतीक ने उनसे उनकी ई-मेल आईडी मांगी. चूंकि उस दौर में फोन का चलन ज्यादा नहीं था तो अपर्णा ने प्रतीक को मेल आईडी दे दी.
ईमेल से प्रतीक ने भेजी थी दिल की बात
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मुलाकात के कुछ दिन बाद अपर्णा अपना ई-मेल चेक कर रही थी तो उन्होंने देखा कि प्रतीक यादव के बहुत सारे मेल इनबॉक्स में पड़े थे. जब अपर्णा ने एक-एक मेल पढ़कर देखा तो उनकी खुशी और आश्चर्य का ठिकाना नहीं रहा. प्रतीक ने हर ईमेल में उन्हें अपने दिल की बात लिखकर भेजी थी और अपर्णा के प्रति अपने जज्बातों को बयां किया था. ईमेल से प्रतीक ने अपर्णा को पहली बार प्रपोज किया था. इसके बाद अपर्णा के दिल ने भी हामी भर दी. इसके बाद अपर्णा और प्रतीक यादव ने अगले 11 सालों तक एक दूसरे को डेट किया. फिर परिजनों को इसकी जानकारी दी तो दोनों के ही परिवार वाले राजी हो गए. 2012 में यह लव विद अरेंज्ड मैरिज हुई. जिसमें बड़ी-बड़ी हस्तियां शामिल हुईं. अमिताभ बच्चन से लेकर अनिल अंबानी और तमाम राजनीतिक कद्दावर शादी में शामिल हुए.
अपर्णा और प्रतीक की एक बेटी
शादी के बाद अपर्णा और प्रतीक का जीवन खुशहाल बीत रहा था. फिर उनके घर एक बेटी प्रथमा का जन्म हुआ. दोनों ही प्रथमा को पाल रहे थे. जहां प्रतीक पूरी तरह राजनीति से दूर जिम और बिजनेस पर फोकस्ड थे तो अपर्णा को राजनीति में आने का मन हुआ. अपर्णा ने बीजेपी ज्वॉइन की, जो उनके और सपा खानदान के बीच टकराव की वजह भी बनी. यहीं से दोनों के रिश्तों ने अचानक एक मोड़ ले लिया.
दोनों के बीच खटपट की खबरों ने मचाई थी सियासी हलचल
2025 में खबर आई कि अपर्णा और प्रतीक के रिश्ते में कुछ खटपट चल रही है. दोनों के विचारों में टकराव की खबर आने लगीं, जिसकी झलक जब तब अपर्णा के बयानों और प्रतीक की ऑनलाइन पोस्ट से मिलती रहती थीं. इस बीच एक बार प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर तहलका मचा दिया था. उन्होंने अपर्णा पर कई आरोप लगाए. प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा, मैं जल्द से जल्द अपनी पत्नी अपर्णा से तलाक लेने जा रहा हूं. उन्होंने आरोप लगाया कि अपर्णा ने उनके पारिवारिक रिश्तों को बर्बाद कर दिया है. प्रतीक ने कहा कि अपर्णा की इच्छा केवल प्रसिद्ध और प्रभावशाली बनने की है. उन्होंने यह भी लिखा कि वह इस समय खराब मानसिक स्वास्थ्य से जूझ रहे हैं, लेकिन अपर्णा को इसकी कोई परवाह नहीं है. प्रतीक के इस पोस्ट के बाद तहलका मच गया था, हालांकि अपर्णा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. कुछ समय बाद दोनों के बीच सबकुछ ठीक होने की खबरें भी आईं. अब प्रतीक के निधन की खबर ने सभी को झकझोर दिया है.
ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव के भाई की मौत, प्रतीक यादव ने लंदन से किया था MBA; रियल एस्टेट का करते थे बिजनेस
