Prateek Yadav Death: उत्तर प्रदेश की राजनीति और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया. प्रतीक यादव उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी की नेता अपर्णा यादव के पति हैं. इस दुखद सूचना के बाद पूरे प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है और यादव परिवार के प्रति संवेदनाओं का तांता लग गया है. इस दुख की घड़ी में तमाम नेता , राजनेताओं ने संवेदनाएं प्रकट की है.
बीजेपी ने स्थगित किए कार्यक्रम
प्रतीक यादव के निधन की गंभीरता और शोक की स्थिति को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई ने एक बड़ा संवेदनशील निर्णय लिया है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के निर्देश पर पार्टी द्वारा बुधवार 13 मई को जिला स्तर पर आयोजित होने वाले महिला कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शनों को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है.
एक बयान में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के निर्देश पर पार्टी का महिला कार्यकर्ताओं द्वारा आज बुधवार 13 मई को जिला स्तर पर होने वाला विरोध प्रदर्शन भाजपा की नेता और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के असामयिक निधन हो जाने के कारण आज स्थगित रहेगा.
नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि
राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर कई नेताओं ने प्रतीक यादव को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है. भाजपा नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सोशल मीडिया पर गहरा दुख प्रकट करते हुए लिखा कि पद्म विभूषण स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के सुपुत्र का आकस्मिक निधन हृदयविदारक है. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोक संतप्त परिवार और शुभचिंतकों को यह अपार कष्ट सहन करने की शक्ति मिले. प्रतीक यादव के निधन से न केवल एक प्रतिष्ठित परिवार ने अपना सदस्य खोया है, बल्कि राज्य की राजनीति में भी शोक का सन्नाटा पसर गया है. भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव (जो भाजपा की वरिष्ठ नेता हैं) और अखिलेश यादव के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं.
ये भी पढ़ें: PM मोदी की बात को BJP विधायक ने किया नजरअंदाज? 300 गाड़ियों का निकाला काफिला! सोशल मीडिया पर घिरे नेता
