महाराष्ट्र के पुणे जिले से इंसानियत को शर्मशार कर देने वाला मामला सामने आ रहा है. दरअसल, यहां पर एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने 4 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर निर्मम तरीके से हत्या कर दी है. मामले के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. सभी लोग आरोपी को उनके हवाले कर देने की मांग कर रहे हैं. साथ ही फांसी की मांग कर रहे हैं.
मामला पुणे के भोर तालुका के नसरपुर गांव का बताया जा रहा है. पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब बच्ची के अचानक गायब होने पर उसकी तालाशी की गई, जिसके बाद बाड़े में रखे गोबर के नीचे से बच्ची का शव मिला. बच्ची का शव देख पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद में स्थानीय पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला. इसमें 65 वर्षीय आरोपी बुजुर्ग बच्ची को बाडे में ले जाते हुए दिखाई दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया.
जानकारी के अनुसार छोटी बच्ची अपनी दादी के यहां पर गर्मी की छुट्टियां मनाने के लिए आई हुई थी. हालांकि, किसी ने भी नहीं सोचा था कि बच्ची को अपनी छुट्टियों में एक बुजुर्ग के दुष्कर्म का शिकार होना पड़ेगा. अपराधी पहले बच्ची को बाड़े में लेकर गया. उसके बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया. पहचान को छिपाने के लिए आरोपी ने बच्ची के शव को पत्थर से कुचल दिया. उसके बाद उसे गोबर से ढक दिया.
मामले के बाद से ग्रामीण पूरी तरीके से गुस्साए हुए है. नसरपुर गांव के ग्रामिणों ने हाईवे को जाम कर दिया. साथ ही बच्ची के शव को लेकर पुलिस थाने के बाहर में सभी ग्रामीण आरोपी को उन्हें सौंपने की मांग कर रहे है. नसरपुर की पूरी कम्युनिटी और ट्रेडर्स एसोसिएशन ने 2 मई को बंद रखने का आह्वान किया है. गांववालों द्वारा आयोजित विरोध मार्च गांव के भैरवनाथ मंदिर से शुरू सुबह 10:00 बजे से शुरू हो गया है. दुकानदारों ने बंद के फैसले का पूरी तरीके से सहयोग किया है. गांव में तनाव पूर्ण स्थिति होने की वजह से सुरक्षा बलों की टीमों को तैनात किया गया है. पुलिस ने मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में होने का आश्वासन दिया है.
ये भी पढ़ें: लद्दाख में आयोजित ‘ऑपरेशन नेत्रा 1.0’, 950 लोगों की हुई जांच; 15 लोगों की लौटी आंख की रोशनी
