महाराष्ट्र के पुणे में एक कारोबारी के फर्नीचर मॉल पर फायरिंग की गई है. इस घटना के बाद कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आ रहा है. जिसके बाद शहर में दहशत का माहौल बढ़ गई है.

पुणे में फर्नीचर मॉल पर फायरिंग
महाराष्ट्र के पुणे में एक कारोबारी के फर्नीचर मॉल पर फायरिंग हुई है. इस घटना के बाद शहर की कानून-व्यवस्था के ऊपर फिर से सवाल उठने लगे हैं. जानकारी के मुताबिक कारोबारी अशोक नैन के फर्नीचर मॉल पर होने वाली घटना में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आ रहा है. लॉरेंस गैंग का नाम सामने आने के बाद अब शहर में और ज्यादा सनसनी बढ़ गई है.
लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी
इस घटना को लेकर गैंग की ओर से आरजू बिश्नोई और फरार गैंगस्टर शुभम लोनकर द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. इसी के साथ एक ऑडियो क्लिप भी वायरल हुआ है, जिसमें आरजू बिश्नोई की आवाज होने का दावा किया जा रहा है. ऑडियो में व्यक्ति कहता है कि पुणे में अशोक नैन के “एजे फर्नीचर मॉल” पर जो फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी वह और उसका गिरोह लेते हैं.
‘अगली बार गोली सिर पर चलेगी’
वायरल हो रही ऑडियो में व्यक्ति कहता है कि कारोबारी को पहले भी समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन उसने पैसों के घमंड के कारण बात नहीं मानी. जिसके बाद यह छोटा सा ट्रेलर दिखाया गया है. ऑडियो में आरोपी धमकी देता है कि अगली बार गोली मॉल पर नहीं, सीधे सिर पर चलाई जाएगी. इस घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट हो गई हैं.
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले में जांच करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो की सत्यता की जांच हो रही है. आपको बता दें कि इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया है. कई व्यापारियों ने सुरक्षा को लेकर काफी चिंता जताई है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाके में सुरक्षा को बढ़ा दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
यह भी पढ़ें- इंस्टाग्राम पर दोस्ती और दर्दनाक अंत! लखनऊ में नहर में कूदी युवती; ऑनलाइन वाले दोस्त से हुआ था विवाद
