दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक हनीट्रैप गैंग का भंडाफोड़ किया है. गैंग डेटिंग एप्स की मदद से गैंग नकली प्रोफाइल बनाकर लोगों से दोस्ती करता था. जिसके बाद उनसे वसूली की जाती थी.

हनीट्रैप गैंग का भंडाफोड़
दिल्ली में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. क्राइम ब्रांच ने एक हनीट्रैप गैंग का भंडाफोड़ किया है. यह गैंग डेटिंग एप्स के जरिए लोगों को फंसाता था. बताया जा रहा है कि ऐप पर लड़की की फेक प्रोफाइल बनाकर दोस्ती की जाती थी और उसके बाद मुलाकात होती थी, जिसके बाद अचानक से पुलिस की रेड होती थी और वसूली की जाती थी. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है.
फ्लैट पर बुलाया जाता था व्यक्ति
जानकारी के मुताबिक मामले में 2 आरोपी अभी भी फरार हैं. इस गैंग से जुड़े लोग Tinder और QuackQuack डेटिंग ऐप पर लड़कियों के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाते थे. जिसके बाद लोगों के साथ कुछ दिन भरोसा जीतने वाली चैट की जाती थी. कुछ दिन बाद चैट करने के बाद में सामने वाला व्यक्ति मिलने के लिए तैयार हो जाता था और उसे मिलने के लिए किसी सुनसान जगह या फिर फ्लैट पर बुलाया जाता था.
पीड़ित की शिकायत से सामने आया मामला
यह पूरा मामला एक पीड़ित के शिकायत करने के बाद सामने आया है. पीड़ित ने बताया कि डेटिंग एप पर कीर्ति नाम की लड़की से बात हुई, जिसके बाद उसने मिलने के लिए जनकपुरी बुलाया था. जब युवक पहुंचा तो लड़की फ्लैट पर ले गई, लेकिन कुछ ही देर बाद फ्लैट के अंदर कुछ लोग घुस आए. जिन लोगों में से एक पुलिस की वर्दी में था. उसने खुद को पुलिसकर्मी बताया और लड़की के साथ गलत हरकत करने का आरोप लगाया.
15 लाख की मांगी रिश्वत
आरोपी ने युवक से कहा कि इस मामले में रेप केस बनेगा. थाने चलो या फिर 15 लाख रुपए दे दो. जिसके बाद युवक के पास इतने पैसे नहीं थे, तो आरोपियों ने उसे कार में बैठाया और एटीएम पर ले जाकर पैसे निकलवाए. युवक ने वहां से निकलने के बाद पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी. इस मामले में 12 मई को पुलिस ने एक गैंग को दबोचा. इस दौरान मुख्य आरोपी पुलिस की वर्दी पहने ही मिला.
4 लोगों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. जिनकी पहचान सुशील कुमार, दीपक उर्फ साजन, विनोद और नीरज त्यागी के रूप में हुई है. वहीं गगन और पूजा उर्फ कीर्ति अभी भी फरार हैं. पुलिस का कहना है कि पूजा फर्जी तरह से प्रोफाइल बनाकर लोगों से डेटिंग ऐप पर चैट करती थी और दीपक प्रोफाइल को ऑपरेट करता था. फिलहाल इस मामले में लगातार जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- ‘ये सिर्फ ट्रेलर था…’, पुणे में फर्नीचर मॉल पर हुई फायरिंग; लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
