पंजाब से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने प्रशासन की चिंताओं को काफी बढ़ा दिया है. फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद इलाके में शुक्रवार की रात को रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ है. इस धमाके के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
पंजाब में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में शुक्रवार की रात में रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध रूप से धमाका हुआ है. यह धमाका सरहिंद इलाके में हुआ है, इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल बन गया है. जानकारी के मुताबिक रात में लगभग 9 बजकर 50 मिनट पर एक मालगाड़ी अमृतसर-दिल्ली रूट खानपुर गांव के पास से लेवल क्रॉसिंग से होकर गुजर रही थी. उसी समय पर यह धमाका हुआ है.
अचानक हुआ विस्फोट
बताया जा रहा है कि जिस रेलवे ट्रैक पर यह धमाका हुआ है, वह ट्रैक डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) का एक हिस्सा है. इसे मालगाड़ियों के चलने के लिए अपग्रेड किया गया है. बताया जा रहा है कि जैसे ही मालगाड़ी का इंजन उस हिस्से पर पहुंचा, तो एक दम से भारी विस्फोट हुआ. धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर की दूरी तक सुनाई दी.
मालगाड़ी के इंजन को पहुंचा नुकसान
इस धमाके के कारण मालगाड़ी के इंजन को नुकसान पहुंचा है, वहीं रेलवे ट्रैक को भी नुकसान हुआ है. इस विस्फोट के कारण मालगाड़ी के चालक को भी चोटें आई हैं. हालांकि इस धमाके में किसी भी तरह की जान माल का नुकसान नहीं हुआ है. इस घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियों के साथ स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच जाती है.
हर पहलू से की जा रही जांच
धमाके के इलाके को पुलिस ने सील कर दिया है, इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है. DIG रूपनगर नानक सिंह ने बताया कि इंटर एजेंसी कोऑर्डिनेशन के तहत इस मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि यह कोई बड़ा विस्फोट नहीं था, लेकिन इसे गंभीरता से लेते हुए वैज्ञानिक तरीके से हर पहलू की जांच की जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान हो सके.
यह भी पढ़ें- नोएडा अथॉरिटी में बड़ा फेरबदल, लोकेश एम को हटाकर IAS कृष्णा करुणेश बनाए गए नए CEO, जानें कौन हैं IAS कृष्णा करुणेश
