देश में एक बार फिर हिंदी और मराठी भाषा को लेकर विवाद बढ़ गया है. महाराष्ट्र में नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को चेतावनी देते हुए काफी नफरत भरा भाषण दिया है. राज ठाकरे ने एक रैली में यूपी और बिहार के लोगों को लात मारने जैसी बात कहकर अपना भाषण दिया है.
मैं आपको लात मारूंगा- राज ठाकरे
महाराष्ट्र में BMC चुनाव में वोटिंग के सिर्फ 3 दिन रह गए हैं. चुनाव से पहले राज ठाकरे ने भरी सभा में ऐसा भाषण दिया है, जिससे देश में विवाद बढ़ गया है. राज ठाकरे ने शिवसेना के नेता उद्धव ठाकरे के साथ में एक संयुक्त रैली की. इस रैली में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने यूपी और बिहार के लोगों के ऊपर हिंदी भाषा थोपने का आरोप लगाते हुए काफी विवादित बयान दिया है. राज ठाकरे ने कहा कि यूपी और बिहार के लोगों को समझना चाहिए कि हिंदी उनकी भाषा नहीं है. उन्होंने कहा कि मुझे किसी भी भाषा से कोई नफरत नहीं है, लेकिन अगर इसे आप हमारे ऊपर थोपने की कोशिश करोगे, तो मैं आपको लात मारकर भगाऊंगा.
यह भी पढ़ें- ISRO के साल के पहले मिशन में गड़बड़ी, लॉन्च होने के कुछ देर बाद भटका PSLV-C62, मिशन अन्वेषा पर छाया संकट
मराठी लोगों का हिस्सी छीन रहे यूपी-बिहारी- राज ठाकरे
राज ठाकरे के इस बयान पर वहां मौजूद लोगों की भीड़ ने खूब तालियां भी बजाईं. आपको बता दें कि 15 जनवरी को BMC चुनावों के लिए राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे भाषा का दांव चलते हुए हिंदी विरोध की राजनीति को हवा दी है. इन दोनों नेताओं ने साथ मिलकर भाजपा के ऊपर मुंबई में हिंदी एजेंडा को आगे बढ़ाने का आरोप भी लगाया है. उन्होंने हिंदी भाषा बोलने वाले लोगों के ऊपर हमला करते हुआ कहा लोग हर तरफ से महाराष्ट्र आते हैं और यहां के लोगों का हिस्सा छीन रहे हैं. उन्होंने मंच से कहा कि अगर आपकी भाषा और जमीन चली गई, तो आप खत्म हो जाएंगे. उन्होंने भाषण देते हुए मराठी लोगों को एकजुट होने के लिए कहा है.
किसी भाषा से नफरत नहीं- राज ठाकरे
राज ठाकरे ने मंच से बीजेपी पर आरोप लगाते हुए त्रिभाषा फॉर्मूला और क्लास 1 से 5 तक हिंदी भाषा को जरूरी बनाने वाले प्रस्ताव को बड़ी साजिश का हिस्सा बताया है. राज ठाकरे ने कहा कि उन्हें किसी भी भाषा से नाराजगी नहीं है, बल्कि वे उसे थोपे जाने के सख्त खिलाफ हैं. राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने बीजेपी के ऊपर मुंबई शहर लूटने और गुजरात के आर्थिक दायरे में लाने जैसे आरोप भी लगाए हैं.
बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप
इस रैली में उद्धव ठाकरे ने बीजेपी के ऊपर नकली हिंदुत्व और चुनावों से पहले विभाजनकारी राजनीति खेलने का आरोप भी लगाया है. उद्धव ने तमिलनाडु के बीजेपी नेता के. अन्नामलाई के बयान को लेकर भी बीजेपी को घेरा है. के. अन्नामलाई ने कुछ समय पहले कहा था कि बॉम्बे महाराष्ट्र का नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय शहर है. उन्होंने कहा कि इस बयान ने भाजपा के इरादों को दिखा दिया है और सवाल करते हुए कहा कि क्या वह मुंबई का नाम बदलकर बॉम्बे करना चाहते हैं?
ये भी पढ़ें: 20 हजार के चालान का 500 में निपटारा ट्रैफिक कर्मियों को पड़ा भारी, जानें पूरा मामला
