राजस्थान के कोटा में चोरों ने एक ज्वेलरी शॉप में चोरी की और सोने-चांदी की अलमारी वाइक पर लेकर भागने लगे, लेकिन सड़क पर गिर गए. जिसके बाद मालिक कि नींद खुल गई और चोर अलमारी को सड़क पर छोड़कर भाग गए.
ज्वेलरी शॉप में घुस गए चोर
राजस्थान से एक अजीबोगरीब घटना सामने आयी है. राजस्थान के कोटा में एक ज्वेलरी शॉप पर चोरी की बेहद अजीब घटना सामने आयी है. पूरा मामला कोटा के अनंतपुरा इलाके का है. यहां ट्रक यूनियन के पास मौजूद एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाते हुए 2 बदमाशों ने रात के लगभग 2:30 बजे गैस कटर से शटर काट दिया. जिसके बाद कांच वाले गेट का ताला तोड़कर चोर दुकान में घुस गए.
सोने-चांदी से भरी अलमारी वाइक पर रखी
यह पूरा मामला अनंतपुरा थाने का है. यहां मौजूद ज्वेलरी शॉप पर चोरों ने चोरी करने की कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे. चोरों ने दुकान में मौजूद सोने-चांदी से भरी हुई अलमारी को तोड़ने की कोशिश की, जिसमें नाकाम होने पर बदमाशों ने पूरी अलमारी वाइक के ऊपर रख ली. इसी के साथ चोरों ने दुकान के गल्ले में रखे 13 हजार रुपए और 600-700 ग्राम के करीब पुरानी चांदी भी लेकर फरार हो गए.
अलमारी के साथ सड़क पर गिरे
इस वारदात के दौरान ऊपर रहने वाले मकान मालिक को भी बदमाशों ने नीचे नहीं आने दिया. मकान मालिक को रोकने के लिए बदमाशों ने मेन गेट पर ताला लगा दिया और दूसरे वाले दरवाजे पर कुण्डी लगा दी. दुकान के मालिक भरत शाक्यवल ने बताया, कि जब चोरों ने अलमारी को चुरा लिया तो थोड़ी दूर जाने के बाद अलमारी और वाइक के साथ में चोर सड़क पर गिर गए.
मौके पर पहुंची पुलिस
जब चोर सड़क पर गिर गए तो अलमारी गिरने से काफी तेज आवाज हुई, जिससे दुकान मालिक की नींद खुल गई. जिसके बाद मालिक ने शोर मचा दिया और चोर काफी ज्यादा घबरा गए, जिससे वे अलमारी को सड़क पर छोड़कर भाग गए. इस घटना की जानकारी मिलने के बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस को मौके से चोरों का कंबल, जूता और गैस कटर की टंकी मिली है. दुकान में मौजूद सीसीटीवी कैमरों में दोनों चोर साफ दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है.
