Ravneet Bittu Resigns: राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने के बाद रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने मोदी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वीकार कर लिया है.

Ravneet Bittu Resigns: केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल से एक बड़ी खबर सामने आई है. केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका इस्तीफा तुरंत प्रभाव से स्वीकार भी कर लिया है. यह पूरा फैसला संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत लिया गया है. दरअसल रवनीत सिंह बिट्टू का राज्यसभा का कार्यकाल 21 जून को ही पूरा हो चुका था. इसके बाद हुए राज्यसभा चुनावों में बीजेपी ने उन्हें दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया था. अब शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन की तरफ से उनका इस्तीफा मंजूर होने की आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है.
रवनीत सिंह बिट्टू ने जताया पीएम मोदी का आभार
इस्तीफा मंजूर होने के बाद रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी बात रखी. उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद जताया. उन्होंने लिखा कि केंद्र सरकार में मंत्री के तौर पर देश और पंजाब की सेवा करना उनके लिए गर्व की बात रही है. बिट्टू ने कहा कि वह पीएम मोदी के ‘विकसित भारत’ के सपने के साथ हमेशा जुड़े रहेंगे. उनका कहना था कि जनता की सेवा का यह सफर आगे भी पूरी ताकत और नई ऊर्जा के साथ जारी रहेगा.
कौन हैं रवनीत सिंह बिट्टू और कैसा रहा सियासी सफर
रवनीत सिंह बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बेअंत सिंह के पोते हैं. वह साल 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले 24 मार्च को कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे. इससे पहले वह कांग्रेस के टिकट पर 2009 में आनंदपुर साहिब और फिर 2014 व 2019 में लुधियाना से सांसद रह चुके हैं. कांग्रेस में रहते हुए उन्होंने लोकसभा में उपनेता और सचेतक जैसी अहम जिम्मेदारियां भी संभाली थीं. राजस्थान से राज्यसभा सांसद बनने के बाद पीएम मोदी के तीसरे कार्यकाल में उन्हें रेल राज्य मंत्री बनाया गया था.
