saini s johre case: फिल्म ‘धुरंधर’ और ‘द फैमिली मैन’ के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरे के खिलाफ चंडीगढ़ में एक युवती ने होटल के कमरे में छेड़छाड़ और नशीला पदार्थ पिलाने के गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस द्वारा FIR दर्ज किए जाने के बाद आरोपी डिजाइनर ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत से अग्रिम जमानत ले ली है, जिसकी हर पहलू से जांच जारी है.

saini s johre case: धुरंधर से जुड़े एक बड़े विवाद ने फिल्म इंडस्ट्री में हलचल बढ़ा दी है. फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरे के खिलाफ चंडीगढ़ में एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं. सेक्टर-17 पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक युवती ने कहा कि आरोपी ने उसे एक फाइव स्टार होटल में मिलने के लिए बुलाया था. वहां उसके साथ गलत व्यवहार किया गया. शिकायत सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया. फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर काफी बातें हो रही हैं.
युवती का आरोप है कि होटल में आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की. जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की गई. शिकायत में यह भी कहा गया है कि उसे जबरदस्ती कमरे में रोका गया. युवती ने आरोप लगाया कि उसे वहां से बाहर नहीं जाने दिया गया. इसके अलावा उसने अपनी ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाने की भी बात कही है. युवती के मुताबिक ड्रिंक पीने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी.
पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद 21 अप्रैल 2026 को इस मामले में FIR दर्ज कर ली थी. हालांकि यह मामला अब जाकर सामने आया है. जानकारी के अनुसार पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी कर रही थी. लेकिन गिरफ्तारी से पहले ही सैनी एस. जोहरे ने जिला अदालत से अग्रिम जमानत ले ली. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की हर पहलू से जांच की जाएगी. अभी तक आरोपी की तरफ से सार्वजनिक रूप से कोई बड़ा बयान सामने नहीं आया है.
सैनी एस. जोहरे फिल्म और वेब सीरीज इंडस्ट्री में लंबे समय से काम कर चुके हैं. वह द फैमली मैन के सेट डिजाइन से भी जुड़े रहे हैं. वहीं मनोज बाजपेयी इस शो के मुख्य कलाकारों में शामिल रहे हैं. दूसरी तरफ फ्रेंचाइजी पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में बनी हुई है. फिल्म के पहले पार्ट और उसके बाद आए सीक्वल को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. एक्शन और ड्रामा से भरपूर कहानी की वजह से इस सीरीज ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी कमाई की थी.
इसी बीच रणवीर सिंह का नाम भी एक अलग विवाद को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है. हाल ही में उनका नाम Don 3 विवाद में सामने आया था. फिल्म से अलग होने के बाद FWICE ने उनके खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन की बात कही थी. हालांकि बाद में साफ किया गया कि यह कोई आधिकारिक बैन नहीं है. इसके बावजूद इंडस्ट्री में इस मुद्दे को लेकर अलग-अलग राय देखने को मिली. कई कलाकार रणवीर सिंह के समर्थन में भी सामने आए.
